रतलाम में 6 दिन में तीसरी चाकूबाजी : पुलिस का खौफ खत्म, बदमाशों का आतंक बढ़ा

छोटे विवाद में जानलेवा हमला, सराफा दुकान कर्मचारी पर चाकू से हमला

रतलाम, वंदे मातरम् न्यूज। शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि मामूली विवाद में भी जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। बीती रात आजाद चौक में दो बदमाशों ने सराफा दुकान में काम करने वाले 30 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू घायल की पीठ में 6 सेमी तक घुस गया। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। बीते छह दिनों में शहर में हुई तीसरी चाकूबाजी की घटना है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। इसके पहले नयागांव और ओसवाल नगर में चाकूबाजी की वारदात हो चुकी है। 

चाकू धंसे हालत में अस्पताल लाया गया

महावीर ज्वेलर्स में काम करने वाले योगेश राठौर (30) पिता श्यामलाल राठौर, निवासी रामगढ़, बीती रात 8 बजे दोस्तों के साथ आजाद चौक स्थित सर्कल में रखी बाइक लेने गया था। तभी वहां मौजूद दो बदमाशों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने योगेश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिनमें से एक वार उसकी बाईं जांघ पर और दूसरा उसकी पीठ में लगा। चाकू पीठ में 6 सेमी तक धंस गया। हमले के बाद आरोपी भाग निकले, जबकि योगेश के दोस्तों महेंद्र सिंह और बादल जाट ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया। समाजसेवी गणेश बैरागी ने तत्काल घायल को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ऑपरेशन कर योगेश की पीठ में धंसा चाकू निकाला गया और उसे 8 टांके लगाए गए।

दिन में हुआ विवाद, रात में लिया बदला

घायल के दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 4 बजे आजाद चौक में योगेश और उसके साथियों ने दो बदमाशों को एक किशोर को धमकाते हुए देखा था। योगेश ने किशोर का बचाव किया और बदमाशों को वहां से जाने को कहा। यह बात बदमाशों को नागवार गुजरी और उन्होंने रात में बदला लेने के लिए हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी, केस दर्ज

घटना की सूचना पर माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

शहर में 6 दिन में तीसरी चाकूबाजी

रतलाम में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। बीते छह दिनों में यह तीसरी चाकूबाजी की घटना है। इससे पहले 19 मार्च को नयागांव में दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसमें एक पक्ष ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया था।

आजाद चौक  नशेड़ियों का अड्डा

आजाद चौक सर्कल अब नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। चांदनी चौक के आसपास की अधूरी बनी दुकानें और सुविधाघर असामाजिक तत्वों के ठिकाने बन गए हैं। यहां दिनभर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, जिससे स्थानीय लोग और व्यापारी परेशान हैं। पार्किंग क्षेत्र में जाने से लोग डरते हैं, खासकर महिलाएं और युवतियां असुरक्षित महसूस करती हैं। 


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!