रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
विवादों और अव्यवस्थाओं के साथ आरोपों से घिरे जिला अस्पताल से शुक्रवार को अच्छी खबर निकल कर सामने आई है। जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में करीब डेढ़ घण्टे चले जटिल ऑपरेशन में महिला के पेट से 5 अलग-अलग गठान निकाली गई। गठान का कुल वजन 13 किलों 500 ग्राम पाया गया। जटिल ऑपरेशन के बाद वार्ड में शिफ्ट मरीज ने होश आने पर डॉक्टर का शुक्रिया अदा किया।
नीमच जिले के जावद निवासी गीताबाई पति बद्रीलाल (60) पिछले 2 वर्ष से काफी परेशान थी। परिजन के मुताबिक मरीज गीताबाई को वह गुजरात के अहमदाबाद, वड़ोदरा, सहित इंदौर में उपचार करवा चुके थे, लेकिन डॉक्टर नए सिरे से जांच कर दवाईयां लिख देते थे। थोड़े समय दवाई का असर रहता था, वापस गीताबाई की तबीयत खराब होने लगती थी। पूर्व में जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. राज दुलानी और एनेस्थिसिया विशेषज्ञ डॉ. महेश मौर्य द्वारा किए जटिल ऑपरेशन की जानकारी मिलने पर वह रतलाम आए।
उम्रदराज महिला ब्लडप्रेशर और शुगर की भी मरीज है। करीब 15 दिन दवाईयों से ब्लडप्रेशर और शुगर कंट्रोल के बाद मंगलवार को मरीज गीताबाई को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह ऑपरेशन थिऐटर में गीताबाई को शिफ्ट कर डॉ. मौर्य ने एनेस्थिसिया दिया। सर्जन डॉ. दुलानी ने नर्स ज्योति और ममता के सहयोग से ऑपरेशन कर पेट के अंदर 5 अलग-अलग गठान निकाली। सभी गठान का कुल वजन 13 किलो 500 ग्राम निकाला गया। महिला गीताबाई की तबीयत में अब सुधार है और उन्हें सामान्य फीमेल वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। डॉ. दुलानी ने बताया कि महिला को 24 घण्टे के बाद सुधार होने पर छुट्टी दे दी जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


