


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। बीमार, समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले नवजातों की बेहतर देखभाल के मामले में रतलाम (Ratlam) ने मध्यप्रदेश में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग के अप्रैल से अब तक के आंकड़ों के अनुसार रतलाम की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) की डिस्चार्ज दर 92.4 प्रतिशत रही, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। खास बात यह है कि यह उपलब्धि अब रतलाम की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का एक बेहतर सिस्टम (Better system) बतौर मिसाल बन अब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए उदाहरण बन चुका है।
रतलाम के मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में स्थापित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में गंभीर अथवा विशेष निगरानी की आवश्यकता वाले नवजातों को 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में उपचार उपलब्ध कराया जाता है। समय से पहले जन्म, कम वजन, संक्रमण, पीलिया और सांस लेने में परेशानी जैसी स्थितियों में नवजातों को यहां भर्ती कर उपचार दिया जाता है।
प्रदेश से 7.2 प्रतिशत अधिक रतलाम में डिस्चार्ज दर
प्रदेश में नवजात बच्चों के उपचार की औसत डिस्चार्ज दर 85 प्रतिशत दर्ज की गई। रतलाम की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) की डिस्चार्ज दर प्रदेश के औसत से 7.4 प्रतिशत अंक अधिक रही। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में शाजापुर 91 प्रतिशत डिस्चार्ज दर के साथ प्रदेश में दूसरे और मंदसौर 90.5 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
रतलाम में 1165 नवजातों का उपचार
रतलाम की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में 1 अप्रैल 2026 से अब तक 1 हजार 165 नवजातों का उपचार किया गया। इनमें से डिस्चार्ज 1076 (सकुशल मां के साथ रवानगी) दर सर्वाधिक 92.4 प्रतिशत रही। रेफर नवजात की संख्या 58 के साथ कुल संख्या का 5 प्रतिशत आंकड़ा है। रतलाम एसएनसीयू में नवजातों को मिल रहा बेहतर उपचार अब प्रदेश में रोल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
उपचार के साथ फॉलोअप पर भी जोर
एसएनसीयू से डिस्चार्ज होने के बाद भी जरूरत के अनुसार नवजातों का फॉलोअप किया जा रहा है। इसमें बच्चों के वजन में वृद्धि, स्तनपान, शारीरिक विकास और अन्य स्वास्थ्य मानकों की निगरानी की जाती है, ताकि उपचार के बाद भी उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर बनी रहे।
भविष्य में और बेहतरी का प्रयास
एसएनसीयू में नवजातों को समय पर उपचार, निरंतर निगरानी और प्रोटोकॉल आधारित देखभाल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। भविष्य में भी एसएनसीयू की सेवाओं को और मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा। – डॉ. अखंड प्रताप सिंह – सिविल सर्जन (रतलाम मध्यप्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


