– युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गुर्जर का विवादों से है पुराना नाता, एफआईआर के बाद पद से हटाया
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। विवादों से सुर्खियाओं मे रहने वाला भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शुभम गुर्जर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो बिलपांक थाना अंतर्गत चिकलिया टोल प्लाजा का है। छह माह पूर्व भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शुभम गुर्जर और उसके साथ बदमाशों ने पिस्टल और लाठियां लेकर मैनेजर के चेंबर में पहुंच रंगदारी करते नजर आ रहे हैं। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश पर बिलपांक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, रंगदारी और धमकाने की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बदमाश शुभम गुर्जर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने उसे पद से हटा दिया है।
टोल प्लाजा के मैनेजर राजेश पिता पंजाबराव रामदे निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) ने आरोपी शुभम गुर्जर सहित उसका बदमाश भाई राजवीर गुर्जर दोनों निवासी ग्राम सरवर जमुनिया (थाना बिलपांक), आशीष शर्मा निवासी बिलपांक, गौरव गुर्जर निवासी जावरा, अर्जुन खारीवाल निवासी मुलथान, बंटी शर्मा निवासी दंतोडिय़ा, देवेंद्र सिंह निवासी झरखेड़ी सहित एक अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। मैनेजर रामदे ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि 18 अगस्त 2023 की रात करीब 11.30 बजे आरोपी शुभम गुर्जर अन्य आठ बदमाशों के साथ हाथ में पिस्टल और लाठियां लेकर पहुंचता है और कर्मचारियों से गाली-गलौच करते हुए धमकाता है कि मेरे आदमियों की गाड़ी रोकते हो। बदमाशों ने टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में घुस सहायक प्रबंधक सतीश शिरसाट, हेमंत भंडारी और महेंद्रसिंह राठौर सहित अन्य कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर बाहर निकाल मारपीट की थी। आरोपी शुभम गुर्जर और उसके साथ पहुंचे बदमाशों ने धमकाया कि तुम लोगों को जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद 29 अगस्त 2023 को दोबारा बदमाश शुभम गुर्जर और आशीष शर्मा टोल प्लाजा पर गए थे और विवाद कर बोला था कि हमारी गाड़ी रोकी और इंट्री फीस ली तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। बदमाश शुभम गुर्जर और उसके साथी आए दिन टोल प्लाजा पर दहशत फैलाने के साथ कर्मचारियों से गाली-गलौच कर विवाद करते थे। लंबे समय तक बदमाशों की रंगदारी के बाद लिखित आवेदन थाने पर दिया था। सोमवार को उक्त घटना के वीडियो जब एसपी लोढ़ा के पास पहुंचे तो उन्होंने बिलपांक थाने से जानकारी जुटाई। एसपी के निर्देश पर टोल प्लाजा मैनेजर रामदे की ओर से आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 427, 294, 323, 452, 147, 148, 327, 506 एलं 25 आर्म्स एक्ट की आयुध अधिनियम 1959 (संशोधन 2019) में प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
युवा मोर्चा ने गुर्जर को पद से हटाकर निकाला बाहर
टोल प्लाजा पर पिस्टल लेकर पहुंच धकमाने और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अनुशासन की दुहाई देने वाली भाजपा पर सवाल खड़े होने लगे हैं ? भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ बिलपांक थाने पर गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी गुर्जर से किनारा कर लिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने मंगलवार दोपहर बदमाश गुर्जर को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने का पत्र सोशल मीडिया पर जारी किया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


