


कोटा/मुंबई, वंदेमातरम् न्यूज। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस को बड़ी सफलता (Action) मिली है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कोटा पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद फरार होकर नेपाल जाने की फिराक में थे। मामले में मुंबई पुलिस और राजस्थान पुलिस आगे की जांच में जुटी हैं।
15 मिनट में ट्रेन की तलाशी, तीन को पकड़ा
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस से संदिग्धों के ट्रेन में सफर करने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 15 मिनट के भीतर ट्रेन की तलाशी ली और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, संदिग्ध जयपुर से दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। पकड़े गए तीन संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का निवासी बताया गया है।
लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित पर कॉन्ट्रैक्ट देने का आरोप
राजस्थान पुलिस के अनुसार, इस फायरिंग मामले में लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित पर कथित तौर पर वारदात की सुपारी देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों में से दो ने फायरिंग की थी। हालांकि, मामले में उनकी भूमिका और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वारदात के बाद बाइक छोड़कर ट्रेन से हुए फरार
मुंबई पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। इसके बाद आरोपियों की तलाश तेज की गई और पुलिस को उनकी लोकेशन के बारे में जानकारी मिली।
टाइगर श्रॉफ को नहीं लगी गोली, हाथ में आई चोट
जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की कार पर शाम करीब 7 बजे तीन लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना में अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों के कारण चोट आई। फायरिंग के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बॉलीवुड हस्तियों को मिल रही धमकियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
चार साल में सलमान खान समेत कई हस्तियां निशाने पर
बता दें कि पिछले चार वर्षों के दौरान सलमान खान समेत आठ सेलिब्रिटीज पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग द्वारा लिए जाने की बात कही गई है। पुलिस अब इस मामले में कथित गैंग कनेक्शन, हमले के पीछे की वजह और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


