Ratlam : लव मैरिज के 6 महीने बाद युवक पर किए 3 फायर

Advertisements
Advertisements
Ratlam

रतलाम। वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के रतलाम (Ratlam) में प्रेम विवाह के करीब छह महीने बाद एक युवक पर गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में युवक की पीठ के निचले हिस्से में दाईं ओर गोली लगी है। घायल ने अपने ससुर पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। वहीं, उसकी पत्नी ने भी अपने पिता को ही इस वारदात का जिम्मेदार बताया है। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। देर रात 12:30 बजे तक मेडिकल कॉलेज में घायल के शरीर से गोली नहीं निकाली जा सकी थी।

दाहोद से रतलाम लौटे थे दंपती 

जानकारी के अनुसार, जूनी कलालसेरी निवासी सुनील प्रजापत (28), पिता घनश्याम प्रजापत, दाहोद में एक ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता है। उसने इसी साल अप्रैल में अपने घर के सामने रहने वाली निधि पंवार, पिता कोमलसिंह पंवार, से प्रेम विवाह किया था। सुनील का आरोप है कि शादी के बाद से ही निधि के पिता उसे गोली मारने की धमकियां दे रहे थे। सोमवार रात पत्नी निधि की तबीयत खराब होने की सूचना पर सुनील दाहोद से रतलाम पहुंचा। रेलवे स्टेशन से वह अपनी एक्टिवा (MP 43 DV 3121) लेकर दीनदयाल नगर स्थित अपने घर के लिए निकला। वह रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स के पास से फ्रीगंज मार्ग की ओर जा रहा था, तभी कथित तौर पर दो लोग एक्टिवा से उसका पीछा करने लगे।

आधा किलोमीटर तक पीछा कर किए तीन फायर

घायल के अनुसार, आरोपियों ने करीब आधा किलोमीटर तक उसका पीछा किया और उस पर तीन बार गोली चलाई। इनमें से दो फायर खाली गए, जबकि तीसरी गोली उसकी पीठ के निचले हिस्से में दाईं ओर जा लगी। पीठ पर बैग टंगा होने के कारण गोली ऊपरी हिस्से में नहीं लगी। गोली लगने के बाद सुनील की एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी चादरों की दीवार से टकराकर गिर पड़ा। इसी दौरान आसपास से लोगों की आवाजाही देखकर हमलावर मौके से भाग निकले। घायल ने अपने दोस्त मनोज पंवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। मनोज मौके पर पहुंचा तो वहां जीआरपी पुलिस भी मौजूद थी। सुनील ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर ने नजदीक से दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली फंस जाने के कारण फायर नहीं हो सका। पुलिस इस घटनाक्रम की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जीआरपी थाना प्रभारी पाटीदार के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम के CCTV फुटेज में एक भारी शरीर वाला व्यक्ति एक्टिवा चलाता दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पीछे बैठा दुबला व्यक्ति गोली चलाते हुए नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, वाहन चलाने वाला व्यक्ति घायल का ससुर हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद ही की जा सकेगी।

पत्नी ने भी पिता पर लगाया आरोप

घायल सुनील की पत्नी निधि पंवार ने भी अपने पिता पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसने सुनील से प्रेम विवाह किया था और उसके पिता ने ही इस घटना को अंजाम दिया। निधि के अनुसार, उसके पति ने हमलावर को पहचान लिया है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!