– सराफा व्यापारी के यहां भी किया प्रयास, परिवार के जागने पर भागे बदमाश
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में चोरों की गश्त का सिलसिला बदस्तूर जारी है। पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े करते हुए बदमाशों ने एक बार फिर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र रावटी में दो मकानों में सेंध लगाई है। यहां से लाखों रुपए के आभूषण और नगदी के बाद बदमाशों ने क्षेत्र के अन्य सराफा व्यापारी के यहां चोरी की कोशिश की, लेकिन परिवार के सदस्यों के जागने पर भाग गए। जिले में लगातार चोरी की वारदातों सेपुलिस की रात्रि गश्त को लेकर आमजन के जेहन में सवाल खड़े होने लगे है।
बीती रात बदमाशों ने रावटी स्थित इंद्रा कॉलोनी निवासी पारसचंद ताड़ के निवास को निशाना बनाकर ताले चटकाए। पारसचंद ने वंदेमातरम् न्यूज से चर्चा के दौरान बताया कि वह परिवार के साथ गांव आकड़िया में शादी में गए थे। गुरुवार सुबह घर आए तो घर का सारा सामान बिखरा मिला। घर की आलमारी चेक की तो पता चला कि बदमाश 95 हजार रुपए नगद और 12 ग्राम सोने का एक मंगलसूत्र के अलावा एक किलो चांदी के आभूषण चुरा ले गए। बदमाशों ने उक्त इंद्रा कॉलोनी में ही पंचायत के सहायक सचिव शंभुसिंह भूरिया के घर को निशाना बनाया है। भूरिया पारिवारिक कार्य से बाहर गए थे। बदमाशों ने घर का ताला तोड़ आलमारी व पेटी में रखे तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण के अलावा लैपटाप चुरा ले गए। घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। इसके अलावा चोरों ने रावटी के सदर बाजार में रहने वाले सराफा व्यापारी रवि मोहनलाल मेहता के घर भी घुसने का प्रयास किया। चोरों ने पड़ोसी अनोखीलाल मेहता के खंडहरनुमा मकान से घुसे। चोरों ने रवि मेहता के मकान के पीछे की दीवार में सेंध भी लगाई।परिवार के सदस्यों के जागने पर चोर मौके से भाग गए।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


