
– धार्मिक यात्रा से लौटकर माता-पिता को सरप्राइज देने आ रहा था दुबे परिवार
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को कार शिवगढ़ ब्रिज के पास खड़े डंपर में पीछे से घुस गई थी। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। पति-पत्नी और बेटा-बेटी को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था। रविवार को मां और बेटे का निधन हो गया। मित्र निवास रोड से मां – बेटे की एक साथ उठी अर्थी को देख हर शख्स नम था। भक्तन की बावड़ी मुक्तिधाम में पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। पिता और बेटी की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
मित्र निवास रोड पर रहने वाले प्रद्युम दुबे नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शनिवार को हुई दुर्घटना में प्रद्युम दुबे, पत्नी पायल (43), बेटा अथर्व (20) और बेटी कामाक्षी (17) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे द्वारका और सोमनाथ सहित अन्य धार्मिक यात्रा कर गुजरात होते हुए शहर आ रहे थे। वे अपने पिता शरद दुबे और मां अंजना दुबे से मिलने और उन्हें सरप्राइज देने के लिए बिना बताए आ रहे थे। प्रद्युम की चाची सीमा दुबे ने बताया कि वे सरप्राइज देने के हिसाब से माता-पिता के पास आ रहे थे। दुर्घटना का पता उस समय लगा जब मेरे मोबाइल पर सूचना आई। इंदौर में इलाज के दौरान पायल (प्रथा), अथर्व का निधन हो गया। रविवार की शाम को भक्तन की बावड़ी में एक साथ मां-बेटे का अंतिम संस्कार किया गया।मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल हुए रिश्तेदार और समाजजन गमगीन थे।
बच्चों के साथ माता-पिता से आ रहे थे मिलने
शनिवार को दोपहर में कार से प्रद्युम दुबे अपने परिवार के साथ माता-पिता से मिलने का सपना संजोए हुए लौट रहे थे। तभी शिवगढ़ ब्रिज के पास 8 लेन पर खड़े डंपर में पीछे से उनकी कार घुस गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सब्बल से कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकालना पड़ा। सभी को मेडिकल कॉलेज लेकर आए। प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया था। प्रद्युम के बड़े भाई सौरभ दुबे और अन्य सदस्य इंदौर में हैं।