– सिलोम के मंगलमूर्ति कॉलोनी ससुराल से बैग बरामद कर इंदौर रवाना हुई एसआईटी
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी की शिलांग में बहुचर्चित नृशंस हत्या के तार अब रतलाम से जुड़ गए है। नृशंस हत्याकांड के बाद शिलांग पुलिस की एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिंग टीम) आरोपी प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स सहित उसकी पत्नी और साली को लेकर रतलाम स्थित मंगलमूर्ति कॉलोनी के मकान नंबर 56 पर पहुंची। शिलांग की एसआईटी ने रतलाम के औद्योगिक थाना में पहुंचकर स्थानीय टीम के साथ मंगलमूर्ति स्थित मकान के ऊपरी मंजिर के कमरे से एक बैग बरामद किया। प्रारंभिक रूप से सामने आ रहा है कि प्रापर्टी ब्रोकर ने फ्लैट मालिक और चौकीदार के साथ हत्याकांड के शातिर आरोपी राज कुशवाह और उसकी प्रेमिका सोनम का बैग चुराया था। उक्त बैग में 5 लाख से अधिक की राशि, पिस्टल और आरोपी सोनम के आभूषण रखे थे। आरोपी सिलोम जेम्स ने पिस्टल इंदौर के नाले में फेंक दी थी जो कि बरामद हो गई है, जबकि उसके द्वारा नगदी और आभूषण रतलाम के मंगलमूर्ति स्थित ससुराल में छिपाया था, जिसे शिलांग की एसआईटी ने जब्त कर लिया है। बता दें कि आरोपी सिलोम जेम्स मंगलमूर्ति निवासी मनोज गुप्ता का दामाद है।
बता दें कि इंदौर के ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी हत्याकांड का मास्टर माइंड राज कुशवाह ने सोनम के पति राजा को गोली मारने के लिए पिस्टल खरीदी थी। इंदौर के किराए के फ्लैट आरोपियों को प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स ने दिलवाया था। सहकार नगर (कैट रोड) निवासी 30 वर्षीय राजा की उसकी पत्नी सोनम ने मेघालय में आरोपी विक्की उर्फ विशाल, आनंद और आकाश से हत्या करवा दी थी। साजिश रचने वाला राज कुशवाह पहले गोली चलवाकर हत्या करवाना चाहता था। उसने सिकलीगरों से पिस्टल भी खरीद ली थी। सोनम कार लेकर गाजीपुर चली गई व पिस्टल सहित नगदी और आभूषण हीराबाग कॉलोनी स्थित फ्लैट में छोड़ गई थी। प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स, फ्लैट मालिक ग्वालियर निवासी लोकेंद्र तोमर, अशोक नगर निवासी सुरक्षाकर्मी बल्लू उर्फ बलवीर ने फ्लैट खाली कर उक्त बैग चुराने के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं।
पिस्टल इंदौर में फेंकी, नगदी और आभूषण रतलाम ससुराल में छिपाए
रविवार को रतलाम पहुंची शिलांग एसआईटी टीम में चेरापूंजी थाने के एसएचओ भी शामिल थे। जानकारी के अनुसार इंदौर के फ्लैट मालिक ग्वालियर निवासी लोकेंद्र तोमर को गिरफ्तार मंगलवार को इंदौर लाया गया था। पूर्व में एसआईटी ने प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स और सुरक्षाकर्मी बल्लू उर्फ बलवीर को गिरफ्तार कर चुकी थी। तीनों को आमने-सामने बैठाकर इंदौर में पूछताछ की गई थी। आरोपियों ने बताया था कि पिस्टल उनके द्वारा इंदौर इंडस्ट्री हाउस के पीछे स्थित नाले में फेंकी थी। पुलिस नाले से पिस्टल बरामद कर चुकी है। पुलिस महालक्ष्मी नगर पहुंची और सिलोम की कार (एमपी 09/डब्ल्यूजी-2352) से 50 हजार रुपये कैश भी बरामद किए गए थे। इसके अलावा शिलांग की एसआईटी को बैग में रखे नगदी और आभूषण की तलाश थी, जिसके लिए रविवार को रतलाम स्थित मंगलमूर्ति कॉलोनी के मकान नंबर 56 पर प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स के ससुराल पहुंच बैग बरामद किया है। रतलाम में मीडिया के सवालों से एसआईटी बचती रही और आरोपी सिलोम जेम्स को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


