20.4 C
Ratlām

रतलाम प्रशासन सुस्त : मलेनी नदी में गिरी छात्रा का अब तक नहीं चला पता, ग्रामीण 12 किलोमीटर दूर तक कर चुके तलाश

-  जिला प्रशासन की उदासीनता पर ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीईआरएफ टीम की मनमानी हावी

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के अंगेठी-बड़ौदा गांव में मलेनी नदी में गिरी कॉलेज छात्रा काजल परिहार (17) का चौथे दिन (अब तक ) भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। गुरुवार शाम को पुल की रेलिंग पर फोटो खिंचवाते समय संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गई थी। घटना के बाद से ग्रामीण व स्थानीय गोताखोर लगातार तलाश कर रहे हैं। इधर प्रशासन की उदासीनता का नतीजा यह है कि बालिका की तलाश को लेकर एसडीईआरएफ टीम भी मनमानी कर रही है। 

गंभीर घटना को आज यानी रविवार को चौथा दिन है। इतना समय बीत जाने के बावजूद अब तक जिला प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि पूरी तरह से उन्हें ही तलाश की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है। नदी के किनारों और उससे जुड़े आसपास के इलाकों में ग्रामीण ने गहन तलाशी अभियान चलाया है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत सक्रिय होना चाहिए ताकि छात्रा का पता चल सके।

एसडीईआरएफ टीम की ऐसी मनमानी

ग्रामीणों की माने तो गुरुवार शाम को करीब 4 बजकर 20 मिनट पर 17 वर्षीय काजल फोटो खिंचाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिरी थी। शाम 6 बजे एसडीईआरएफ की टीम पहुंची और 1 घंटे तक औपचारिकता करने के बाद अंधेरा होने का हवाला देकर नदी से बाहर निकल आए। शुक्रवार सुबह से ग्रामीण और किसान ही दिनभर बच्ची की तलाश में जुटे रहे लेकिन टीम नहीं पहुंची। शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे एसडीईआरएफ टीम पहुंची और कामयाबी हाथ नहीं लगी। रविवार को भी भी यही हश्र रहा और दोपहर बाद टीम ग्रामीणों के आक्रोश के बाद मौके पर पहुंची। अभी तक ग्रामीण घटनास्थल से आगे करीब 12 किलोमीटर दूर तक बालिका की खोज कर चुके हैं। 

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

काजल रतलाम के अलकापुरी क्षेत्र में अपने मामा के यहां रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार को वह मामा के बेटे नीरज (15) के साथ अपने गांव पल्दूना आई थी। परिवार का कहना है कि दर्शन के बाद लौटते समय ही हादसा हुआ। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!