रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जिला अस्पताल में बुधवार देर रात एक युवक ने अपने पिता के इलाज में देरी को लेकर जमकर हंगामा किया। पहले ड्यूटी डॉक्टर से अभद्रता की और बात इतनी बढ़ी कि उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों की पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 12 बजे दिलीप नगर निवासी गौरव सोलंकी उर्फ जिमा अपने पिता का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचा। इलाज में देरी होने पर उसने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सीपी सिंह राठौर से पहले बदतमीजी की और गाली-गलौज करने लगा। डॉक्टर के विरोध करने पर गौरव और उसके साथ आए लोग वीडियो बनाते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग करने लगे।
पुलिस जवानों पर लगाया नशे में होने का आरोप
स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर ने अस्पताल चौकी को सूचना दी। सूचना मिलने पर आरक्षक विकास गरवाल और होमगार्ड सैनिक प्रमोद महावर मौके पर पहुंचे। उन्होंने गौरव को समझाने की कोशिश की लेकिन युवक ने उल्टा जवानों पर नशे में होने का आरोप लगाकर हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद उसने दोनों की अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में लात-घूसों से पिटाई कर दी, जबकि उसके साथ आए लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे।
थाने में भी किया हंगामा, जांच जारी
कुछ देर बाद थाना स्टेशन रोड से अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और गौरव को हिरासत में लेकर थाने ले गए। लेकिन थाने में भी उसने हंगामा जारी रखा। एसपी अमित कुमार ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि आरोपी गौरव पुलिस हिरासत में है। दोनों पुलिस जवानों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


