
रतलाम/नामली, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के पिपलौदा तहसील अंतर्गत ग्राम बिनौली में एक नए बखेड़ा का गुरुवार सुबह पटाक्षेप हो गया है। ग्राम बिनोली में नजूल की सरकारी भूमि पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रतिमा लगने के बाद उसके पास की सरकारी भूमि को गांव का सूर्यवंशी समाज मांग रहा है। बुधवार को दिनभर मौके पर धरना दिया और रात में सूर्यवंशी समाज की महिलाएं सहित पुरुष पैदल पैदल रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह (Ratlam Collector Misha Singh) से मिलने की मांग को लेकर चल दिए। गुरुवार सुबह मांग को लेकर 27 किलोमीटर दूर पैदल चलकर पहुंचे नामली में सूर्यवंशी समाजजन को समझाने के लिए रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला और नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी को समझाने के लिए काफी मशक्कत करना पड़ी और उनकी यह कोशिश सफल रही।
सूर्यवंशीसमाज के लोगों ने बुधवार दिनभर पंचायत के सामने धरना दिया था और मांग रखी कि उक्त भूमि सूर्यवंशी समाज के नाम कर दी जाए। इसका उपयोग केवल समाज ही करे ये लिखकर दें। भूमि नजूल की होने से ग्राम पंचायत ने यह कहते हुए मना कर दिया कि इसके अधिकार हमें नहीं हैं। फिर भी समाज के लोग धरने पर बैठे रहे। बुधवार रात 9 बजे तहसीलदार पारस वैश गांव पहुंचे। उन्होंने समझाया कि शासकीय भूमि इस प्रकार से किसी एक समाज को नहीं दी जा सकती है। यदि भूमि लेना है तो विधिवत ग्राम पंचायत से ठहराव-प्रस्ताव करके आवंटन की मांग कीजिए। यह प्रकरण कलेक्ट्रेट जाएगा और रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह Ratlam Collector Misha Singh) यदि उचित समझेंगी तो विधिवत आवंटन हो सकता है। सूर्यवंशी समाज के लोग इस बात पर अड़ गए कि हमें तो आज व अभी भूमि समाज के नाम चाहिए। इसका अन्य कोई उपयोग नहीं करेगा यह भी सुनिश्चित कीजिए। इस पर तहसीलदार ने असमर्थता जाहिर की और कहा कि ऐसा करना संभव नहीं है। विधिवत आवंटन जरूर हो सकता है। उसके लिए आप प्रक्रिया कर सकते हैं। ग्राम पंचायत सरपंच ने भी कहा कि हम आवंटन का प्रस्ताव भेज देंगे लेकिन सूर्यवंशी समाज के लोग नहीं माने और फिर तहसीलदार को वापस लौटना पड़ा। इसके बाद रात 10 बजे समाज के लोग हाथ में टॉर्च और मोबाइल की रोशनी लेकर पैदल-पैदल ही रतलाम (Ratlam) कलेक्ट्रेट निकल पड़े। इनका कहना है कि हम रात में ही कलेक्ट्रेट जाकर धरना देंगे। रास्ते में यदि हमारे साथ में घटना होती है तो प्रशासन जिम्मेदार है। इससे रतलाम प्रशासन में हड़कंप देखने को भी मिला।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


