
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा में एक युवक ने सल्फास व चूहे मार दवा दिखाते हुए सुसाइड करने की बात का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो पुलिस (Police) के पास पहुंचा। Ratlam Police ने युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर दवा खाने के पहले बचा लिया।

युवक Ratlam जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। युवक ने इंस्टाग्राम पर सोमवार रात वीडियो अपलोड किया था। वीडियो अपलोड करने के कुछ देर बाद वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के पास पहुंचा। थाना पुलिस ने सायबर टीम से संपर्क कर संबंधित युवक की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस तलाश करते हुए पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। युवक ने तीन से चार बार अपनी लोकेशन बदली। आखिरकार पुलिस टीम तलाश करते हुए युवक के पास पहुंच गई। दवा खाने के पहले उसे मौत से बचा लिया। पुलिस ने युवक का मेडिकल करवाकर परिजनों को सौंपा।
वीडियो में कहा- खुशी से मर रहा हूं
युवक का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बोल रहा है कि मै मरने के लिए सल्फास लेकर आया हूं। चूहा मारने की दवाई लेकर आया है। चूहे मारने के लिए ट्यूब लेकर आया हूं। मैं इन तीन चीजों से मर रहा हूं। ना मेरे को किसी ने मारा, ना किसी ने बोला की तू मर जा। मैं मेरी खुशी से मर रहा हूं। मैं बहुत अच्छा हूं। मैं स्वस्थ्य हूं। और मैं मेरी खुशी से मर रहा हूं। पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर निवेदन है कि वह किसी को परेशान ना करे। मैं मेरी इच्छा से मर रहा हूं।
शादीशुदा है युवक
Ratlam जावरा थाना औद्योगिक प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया युवक शादीशुदा है। जिस समय वीडियो बनाया उस समय वह नशे की हालात में था। आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं बताया।
एसपी ने दे रखे निर्देश
Ratlam SP Amit Kumar (एसपी अमित कुमार) ने त्योहारों को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सतत निगरानी के निर्देश दे रखे है। इसी के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई कर युवक का जीवन बचाया।
कीटनाशक दवा विक्रेताओं को दिया नोटिस
उक्त घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र के समस्त कीटनाशक दवा विक्रेताओं को नोटिस दिए है। विक्रेताओं को कहा कि बिना तस्दीक किसी भी व्यक्ति को कीटनाशक दवा विक्रय न करें। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को दवा विक्रय करते समय आवश्यक पहचान की पुष्टि करें।
इनकी रही मेहनत
युवक की जान बचाने में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान, सब इंस्पेक्टर प्रतापसिंह भदौरिया, हेड कॉन्स्टेबल लाखनसिंह, कॉन्स्टेबल बालकृष्ण चंदेल एवं सायबर सेल रतलाम टीम की भूमिका रही।
पुलिस ने की अपील
Ratlam Police ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या संकट की स्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं। तुरंत परिवार, मित्रों या पुलिस से संपर्क करें। रतलाम (Ratlam) पुलिस द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं जनसुरक्षा हेतु सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


