
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। होली के पावन अवसर पर रॉयल कॉलेज (Royal College) रतलाम (Ratlam) एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश शासन की पहल को मूर्त रूप देते हुए शुद्ध देसी गाय के गोबर से निर्मित कंडों एवं गौ-काष्ठ से ‘सात्विक होलिका’ का विधिवत पूजन एवं दहन किया गया।

पर्यावरण संरक्षण के साथ उत्सव का संदेश
Royal College कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि त्योहारों को प्रकृति और गौ-सेवा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाया गया उत्सव ही वास्तविक अर्थों में ‘सात्विक उत्सव’ कहलाता है।
गौ-काष्ठ से मिलेगा ‘ग्रीन रतलाम’ को बल
Royal College अध्यक्ष प्रमोद गुगालिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति और प्रकृति से जुड़ाव का माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि होलिका दहन में गौ-काष्ठ के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी, पेड़ों की कटाई रुकेगी तथा गौ-शालाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। यह पहल ‘ग्रीन रतलाम’ के संकल्प को भी सुदृढ़ करेगी।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से लाभकारी पहल
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत उपाध्यक्ष अनुराग लोखंडे ने उपस्थित जनों को गो-काष्ठ के उपयोग के वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह न केवल वायु को शुद्ध करने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे होलिका दहन में केवल गो-काष्ठ एवं कंडों का ही उपयोग करेंगे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर जयंत वोहरा, ओपी जैन, महेंद्र भंडारी (जिला सचिव), नरेश सकलेचा (जिला पर्यावरण प्रमुख), मांगीलाल मोदी एवं राज मोदी उपस्थित रहे। रोटरी क्लब से हरीश वर्मा, श्याम कुमार लालवानी, विनोद मोघे और आदर्श दुबे की विशेष उपस्थिति रही। रॉयल कॉलेज (Royal College) की ओर से डॉ. मनीष सोनी, डॉ. आरके अरोरा, डॉ. प्रवीण मंत्री, प्रो. प्रफुल्ल उपाध्याय, प्रो. जगदीश दुके, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. कपिल कैरोल, प्रो. दीपिका कुमावत, प्रो. धर्मराज भारद्वाज, प्रो. गजराज सिंह राठौड़, प्रो. नीतेश भारद्वाज सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


