Ratlam : ब्रह्म मुहूर्त में गूंजा मां कालिका का जयकारा, सुबह 4 बजे गरबा खेलने उमड़ी मातृशक्ति

- 400 साल पुराने मंदिर में जयकारों के साथ घट स्थापना, जानिए कब हैं मुहूर्त

Advertisements
Advertisements

 

Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार की सुबह आस्था, भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तब रतलाम के प्राचीन मां कालिका माता मंदिर में भक्तों की चहल-पहल शुरू हो चुकी थी। तड़के चार बजे मंदिर परिसर मां के जयकारों और गरबा रास से गूंज उठा। रोशनी से जगमगाते मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक गरबा कर मां कालिका की आराधना की। इसी के साथ घट स्थापना कर नवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।

20261011 0941122

रतलाम के कालिका माता मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में गरबा करने की परंपरा विशेष पहचान रखती है। इस अनूठी परंपरा में शामिल होने के लिए न केवल शहर, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नवरात्र के पहले दिन मंदिर में अलसुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जहां मातृशक्ति गरबा रास में लीन नजर आई, वहीं मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

विधि-विधान से हुआ मां का आव्हान

नवरात्र के प्रथम दिन सुबह चार बजे महंत पुष्पगिरी महाराज के आतिथ्य में मां कालिका के दरबार में घट स्थापना की गई। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आव्हान किया गया और नवरात्रि उत्सव की शुरुआत हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में महिलाओं का गरबा रास शुरू हुआ, जो सुबह छह बजे तक चला। गरबा के समापन के बाद आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

गरबा में झलकी मातृशक्ति की भक्ति

सुबह-सुबह मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने गरबा कर अपनी आस्था प्रकट की। भक्ति गीतों की धुन पर थिरकती मातृशक्ति और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दूसरी ओर, मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा। कई भक्त नंगे पैर मंदिर पहुंचे और नवरात्रि व्रत का संकल्प लेकर मां से सुख-समृद्धि की कामना की।

अकबरकालीन मंदिर में सदियों पुरानी परंपरा

रतलाम का प्राचीन कालिका माता मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इसे लगभग 400 वर्ष पुराना मंदिर बताया जाता है। मान्यता है कि मंदिर की स्थापना सोढ़ी राजपूत परिवार ने की थी। मंदिर के समीप स्थित सुंदर अष्टकोणीय तालाब इसकी ऐतिहासिक पहचान को और खास बनाता है।

नौ दिनों तक सुबह-शाम होंगे गरबा रास

नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मां कालिका माता के दरबार में सुबह और शाम गरबा रास का आयोजन होगा। पहले दिन से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। ब्रह्म मुहूर्त में मां की आराधना, गरबा की पारंपरिक धुन और भक्तों की आस्था ने एक बार फिर रतलाम की इस अनूठी धार्मिक परंपरा को जीवंत कर दिया।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!