
Ratlam, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम मेडिकल कॉलेज (Ratlam Medical College) होली पर्व पर एक बार फिर विवाद के चलते सुर्खियों में छाया हुआ है। कॉलेज में पढ़ने वाले रसूखदारों के बच्चे भले ही मास्टर डॉक्टर की पढ़ाई कर रहे हो, लेकिन गुंडागर्दी में पीछे नहीं है। रतलाम के डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज (Ratlam Medical College) में होली के दौरान हुए विवाद में अब कॉलेज के एक पीजी रेसिडेंट डॉक्टर पर साथियों को कार से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर (FIR) दर्ज की है। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने भी पूरे घटनाक्रम को अनुशासन समिति के पास भेज दिया है। संभावना है कि मामले में जल्द ही दोषी पीजी स्टूडेंट्स के खिलाफ निष्कासन जैसी बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।
बता दें कि 4 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में पीजी रेसिडेंट डॉक्टर होली खेल रहे थे। इसी दौरान पीजी रेसिडेंट डॉ. रजत अली खान अपनी कार लेकर छात्रों के बीच पहुंच गया। छात्रों ने उनसे दूसरे रास्ते से जाने को कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद डॉ. रजत अली खान ने अपनी कार (RJ 18 UB 1333) से छात्रों को तीन बार कुचलने की कोशिश की। एक बार कार को रिवर्स लेकर दोबारा छात्रों की ओर बढ़ाया गया। खुद को बचाने के लिए कुछ छात्रों ने कार रोकने के उद्देश्य से पत्थर भी फेंके। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में आरोपी डॉ. रजत अली खान के सिर में चोट लगी, जिसके चलते उन्हें 4 से 5 टांके आए। उनकी शिकायत पर पुलिस ने चार पीजी छात्रों के खिलाफ नामजद पूर्व में ही मारपीट का मामला दर्ज किया था। इसके बाद डॉ. आशीष (35), पिता गिरचंद मेरवंडिया, निवासी सांवेर जिला इंदौर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉ. रजत अली खान, निवासी जयपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 के तहत गैर इरादतन हत्या का केस (FIR) दर्ज कर लिया है।
अनुशासन समिति करेगी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि डॉ. रजत अली खान को पहले भी कॉलेज (Ratlam Medical College) से निलंबित किया जा चुका है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पूरे मामले को अनुशासन समिति के पास भेज दिया है। समिति जांच के बाद संबंधित पीजी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि कॉलेज से निष्कासन का निर्णय भी ले सकती है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


