
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) की पॉश कॉलोनी लालबाग एवेन्यू में पशु क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो महिलाओं दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल द्वारा एक कुत्ते के बच्चे (पिल्ले) को रस्सी से बांधकर स्कूटी से घसीटने की घटना ने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्रूर महिलाओं ने स्कूटी से बांधकर घसीटा
मामले के अनुसार दो महिलाएं स्कूटी से जा रही थीं। स्कूटी के पीछे बैठी महिला ने एक कुत्ते के बच्चे को रस्सी से बांध रखा था और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले जाया जा रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि पिल्ला करीब 200 मीटर से अधिक दूरी तक सड़क पर घिसटता रहा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
लोगों ने रोका, लेकिन नहीं रुकीं महिलाएं
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिलाओं को आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में आगे बढ़ती रहीं। इस दौरान पिल्ला लगातार सड़क पर रगड़ खाता हुआ घसीटता रहा।
आक्रोश और शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
लालबाग एवेन्यू क्षेत्र का वीडियो सामने आने के बाद शक्ति नगर निवासी पत्रकार विजय मीणा और पत्रकार अदिति मिश्रा ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में दो महिलाओं के नाम दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल बताए गए हैं। रतलाम (Ratlam) के औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार आरोपी महिलाओं दीपिका पाटीदार और पूजा पांचाल के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया है।
घायल पिल्ले का कराया गया इलाज
शिकायतकर्ताओं ने पिल्ले को खोजकर उसका इलाज भी करवाया। घसीटे जाने के कारण उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई थीं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर पिल्ले गंदगी फैला रहे थे तो भी इस तरह की अमानवीय हरकत करना बिल्कुल गलत है। लोगों के अनुसार महिलाओं ने मासूम पिल्ले के साथ क्रूरता की और उसे उसकी मां से भी दूर छोड़ दिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


