
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के बरबड़ रोड स्थित गंगासागर क्षेत्र में भैविन माइंड स्कूल (Bhavin Mind School) द्वारा “ओपन हाउस” एवं अभिभावक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, अनुभव और सफलता के संतुलन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास में धर्म और कर्म के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर संस्कार ऋषि पंडित दिनेश व्यास, स्कूल डायरेक्टर अलका श्रीनिवास सिंह, शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे। मंच पर पंडित दिनेश व्यास, युवा उद्योगपति वरुण पोरवाल, पं. संजय शिव शंकर दवे, डॉली भटनागर और अन्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पंडित दिनेश व्यास ने अपने संबोधन में वर्तमान शिक्षा प्रणाली पर विचार रखते हुए कहा कि केवल अकादमिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसमें संस्कारों और नैतिक मूल्यों का समावेश आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए धर्म और संस्कार आधारित शिक्षा को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही भविष्य में इस तरह के मार्गदर्शन कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित करने की बात भी कही।

उद्योगपति वरुण पोरवाल ने भी विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए अनुभव और संस्कार दोनों ही जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों से जुड़ाव विद्यार्थियों को आत्मविश्वास प्रदान करता है और जीवन की चुनौतियों से निपटने में सहायक होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में करीब 200 से अधिक अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉली भटनागर ने किया, जबकि अंत में विद्यार्थियों द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


