Accident on Ratlam Four-Lane : तेज रफ्तार स्लीपर बस ट्रॉले में घुसी, पांच यात्री घायल

- जोधपुर से इंदौर जा रही थी बस, हादसे के बाद मौके से ड्राइवर फरार

Accident on Ratlam Four-Lane

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम-मंदसौर फोरलेन (Ratlam-Mandsaur Four-lane) पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से इंदौर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस सीमेंट से भरे ट्रॉले में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।

स्पीड ब्रेकर के कारण धीमा हुआ ट्रॉला

यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे ढोढर क्षेत्र के कालूखेड़ा फंटा के पास हुई। जानकारी के अनुसार फोरलेन पर बने स्पीड ब्रेकर को पार करते समय ट्रॉले ने अपनी गति धीमी कर ली थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार एमआर स्लीपर बस का चालक बस की रफ्तार नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे ट्रॉले से जा भिड़ी।

हादसे के दौरान सो रहे थे अधिकांश यात्री

हादसे के वक्त बस में सवार अधिकतर यात्री नींद में थे। अचानक हुए जोरदार टक्कर से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही ढोढर पुलिस चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा गया। टक्कर के कारण बस का आगे का कांच पूरी तरह टूट गया और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

क्रेन की मदद से हटाई गई बस

हादसे के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से बस को ट्रॉले से अलग कर सड़क के किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। ढोढर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया हादसे का यह कारण

रतलाम (Ratlam) जिले के  जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के अनुसार ट्रॉला स्पीड ब्रेकर पार कर रहा था, जिससे उसकी गति धीमी थी। पीछे से आ रही स्लीपर बस का चालक बस की रफ्तार नियंत्रित नहीं कर पाया और बस ट्रॉले से टकरा गई। हादसे में घायल पांच यात्रियों का इलाज जावरा अस्पताल में जारी है।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!