
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर नामली थाना क्षेत्र के कांडरवासा फंटा के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। तीन साल की मासूम बेटी भी बाइक से गिर गई, हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के पिपलौदा के आक्यादेह निवासी पवन (पिता राधेश्याम) पत्नी पूजा और तीन साल की बेटी रिया के साथ बुधवार सुबह रतलाम आए थे। दोपहर बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। शाम करीब 4:20 बजे कांडरवासा फंटा के पास स्पीड ब्रेकर आने पर पवन ने बाइक की रफ्तार धीमी की। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान ट्राला पवन को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
डॉक्टर ने अपने वाहन से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय कांडरवासा की ओर जा रहे रतलाम के डॉ. अभय ओहरी ने दुर्घटना देखी। उन्होंने तुरंत घायलों को अपने इनोवा वाहन से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। साथ ही नामली थाना पुलिस को भी सूचना दी। डॉक्टर के प्रयास से घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सका।
एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा
घटना के बाद लोगों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन काफी देर तक संपर्क नहीं हो पाया। वहीं कई लोग 112 की जगह 100 नंबर डायल करते रहे, जिससे पुलिस के पहुंचने में भी देरी हुई। इससे नाराज लोगों ने रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। करीब 45 मिनट तक सड़क जाम रही।
डायल-112 वाहन पर पथराव
जब डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचा तो भीड़ में से कुछ लोगों ने उस पर पथराव कर दिया और आगे का कांच तोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
अधिकारियों के समझाने पर खुला जाम
सूचना मिलने पर ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर, तहसीलदार आशीष उपाध्याय, एसडीओपी किशोर पाटनवाला और नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर करीब पौन घंटे बाद जाम खुलवाया। रतलाम मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए। बच्ची रिया को इस हादसे में गंभीर चोट नहीं आई।
बाहरी लोगों पर तोड़फोड़ का आरोप
पुलिस के अनुसार डायल-112 वाहन पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना में कुछ बाहरी लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये लोग मंदसौर की ओर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही पुलिस वाहन में तोड़फोड़ करने वालों की भी पहचान की जा रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


