
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के रतलाम (Ratlam) में एक शादी समारोह उस समय रुक गया जब बारात पहुंचने से पहले पुलिस का फोन आया। जानकारी मिली कि जिस युवक से शादी होने वाली है, उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जा रहा है। यह सुनते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और बातचीत के बाद शादी रोक दी गई।
मामला उज्जैन से करीब 60 किलोमीटर दूर बड़नगर की शिक्षक कॉलोनी का है। यहां रहने वाले अभिषेक सेन की शादी रतलाम जिले की युवती से तय हुई थी। दो दिन से शादी के कार्यक्रम चल रहे थे। बुधवार रात करीब 8 बजे अभिषेक घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकल चुका था, तभी पुलिस ने दुल्हन पक्ष को फोन कर मामले की जानकारी दी।
नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में केस
बड़नगर पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग की शिकायत के आधार पर आरोपी अभिषेक सेन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
शादी वाले दिन सामने आई गर्भवती होने की बात
थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार, पीड़िता और आरोपी एक ही कॉलोनी में रहते हैं। 8 अप्रैल को इलाज के दौरान पता चला कि नाबालिग गर्भवती है। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
आत्महत्या की कोशिश के बाद खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, 6 अप्रैल को पीड़िता ने एसिड पीकर आत्महत्या की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसका इलाज कराया गया। जांच के दौरान जब गर्भवती होने की जानकारी सामने आई, तब उसने परिजनों को बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।
घर में अकेली थी, आरोपी ने धमकाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 5 जनवरी को आरोपी उसके घर आया था। उस समय वह घर में अकेली थी। आरोपी ने उसे धमकाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की शादी तय होने के बाद वह मानसिक दबाव में आ गई और आत्महत्या का प्रयास किया।
पार्षद और पुलिस की मदद से रुकवाई गई शादी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और फोन के जरिए दुल्हन पक्ष को जानकारी दी। रतलाम (Ratlam) में एक स्थानीय पार्षद की मदद से शादी रुकवाई गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


