
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय पर शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी के चलते देवरा देवनारायण नगर स्थित द किंग्स एकेडमी (The King’s Academy) एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। स्कूल प्रबंधन पर पालकों को भ्रामक जानकारी देने और शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार विद्यालय को केवल कक्षा 10वीं तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद कक्षा 11वीं और 12वीं में भी प्रवेश दिए जाने की बात सामने आ रही है। अहम सवाल यह है कि जिम्मेदार शिक्षा विभाग गंभीर शिकायत पर अब तक मौन क्यों है ?

स्कूल भवन पर लगे बोर्ड में “जूनियर एवं सीनियर स्कूल” लिखा हुआ है, जिससे यह आभास होता है कि यहां 12वीं तक की कक्षाएं संचालित हैं। पालकों का आरोप है कि इसी आधार पर उन्हें भ्रमित कर बच्चों के प्रवेश लिए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार कक्षा 1 से 10वीं तक की नई मान्यता के लिए संस्था के नाम पर कम से कम डेढ़ बीघा पंजीकृत भूमि होना अनिवार्य है। इसके साथ ही खेल मैदान और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान भी जरूरी होता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि संबंधित स्कूल को कक्षा 9वीं और 10वीं की मान्यता किन आधारों पर प्रदान की गई और क्या इसके लिए आवश्यक सभी मानकों का पालन किया गया है या नहीं ?
अलग-अलग भवनों में संचालित हो रही कक्षाएं

जानकारी के अनुसार विद्यालय (The King’s Academy) में कक्षा 1 से 12वीं तक की कक्षाएं अलग-अलग भवनों में संचालित की जा रही हैं। मुख्य भवन के सामने स्थित एक अन्य इमारत में प्रथम तल पर दुकानें, द्वितीय तल पर किरायेदार और तृतीय तल पर स्कूल की कक्षाएं चलने का दावा किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि इस भवन पर स्कूल का बोर्ड तक नहीं लगा है और न ही किसी प्रकार का रजिस्टर्ड किरायानामा उपलब्ध है।
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
स्कूल परिसर के सामने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के भी आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि सड़क की ओर करीब 15 फीट चौड़ाई और लगभग 60 फीट लंबाई तक स्थायी गेट लगाकर कब्जा किया गया है। जबकि शहर में इन दिनों प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
पालकों में नाराजगी, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत
मामले को लेकर पालकों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि भ्रामक जानकारी और नियमों की अनदेखी से बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
निष्पक्ष जांच की उठ चुकी मांग
स्थानीय लोगों और पालकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो भविष्य में और भी संस्थाएं नियमों की अनदेखी कर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर सकती हैं।
मामले में किसका क्या है कहना
1 – शिक्षा विभाग से हमने 10वीं तक मान्यता ले रखी है। नियमों के बारे में आपको शिक्षा विभाग के अधिकारी जानकारी दे सकते हैं, आप उन्हीं से पूछिए। – स्मिता बिनॉय, प्रिंसिपल – द किंग्स एकेडमी (रतलाम)
2 – संबंधित स्कूल की मान्यता और आवेदन जांचने के बाद मौके का निरीक्षण किया जाएगा। नियम विरुद्ध संचालित गतिविधियों के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। – अशोक लोढ़ा, जिला शिक्षा प्रभारी अधिकारी ( रतलाम)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


