
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले की करमदी ग्राम पंचायत स्थित मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार 15 अप्रैल 2026 की रात तालाब किनारे पानी की मोटर चोरी करने तीन युवक पहुंचे थे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया था और उसे माणकचौक पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। अब तालाब से दो शव मिलने के बाद ग्रामीण इस घटना को उसी मामले से जोड़कर देख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि पीछा किए जाने के दौरान दोनों युवक तालाब में कूद गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान, परिजन पहुंचे घटनास्थल
Ratlam पुलिस ने शवों की पहचान शंकर (35) पिता कालू भाभर निवासी बजरंग नगर तथा मुन्ना (30) पिता धन्नालाल निनामा निवासी दिलीप नगर, रतलाम के रूप में की है। पहचान होते ही दोनों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस युवक को पुलिस के सुपुर्द किया गया था, उससे उसके फरार साथियों के बारे में गंभीरता से पूछताछ नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो संभवत: दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
गोताखोरों की मदद से निकाले गए शव
सूचना मिलने पर Ratlam माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों शव तालाब से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
मुन्ना घर से तीन दिन से था लापता
मुन्ना के पिता धन्नालाल निनामा ने वंदेमातरम् NEWS को बताया कि उनका बेटा पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं आया था। वह मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था, इसलिए शुरुआत में परिवार ने ज्यादा चिंता नहीं की। उन्होंने बताया कि मुन्ना करीब एक माह पहले ही जेल से सजा काटकर लौटा था।
पुलिस का यह है सरकारी बयान
पुलिस का कहना है कि दोनों युवक तालाब तक कैसे पहुंचे, घटना किन परिस्थितियों में हुई और मौत का सही कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


