
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के ताल कस्बे में रविवार रात बारात के दौरान डीजे ऑपरेटरों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच अपशब्द कहे जाने का विरोध करने पहुंचे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद तीन बेटियों की शादी रुक गई और तीनों बारातें बिना शादी किए लौट गईं।

तीन बारातें पहुंची थीं, साथ निकला जुलूस
ताल के भोई मोहल्ला निवासी शंकरलाल भोई की तीन बेटियों का विवाह रविवार रात होना था। उनके यहां देवास जिले के उणी (हाटपिपलिया), रुनीजा और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के बसाड़ से बारातें पहुंची थीं। रात में तीनों बारातों का जुलूस एक साथ आगे-पीछे निकला। इसी दौरान बारातों के साथ आए डीजे संचालकों के बीच तेज आवाज और गानों को लेकर प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई। मामला धीरे-धीरे बहस तक पहुंच गया।
अपशब्दों का विरोध करने पर बढ़ा विवाद
जब बारात धर्मशाला के पास पहुंची और दूल्हे तोरण की रस्म निभा रहे थे, तभी बसाड़ और उणी पक्ष के डीजे ऑपरेटर आपस में डीजे पर ही एक-दूसरे को अपशब्द कहने लगे। मोहल्ले में रहने वाले 22 वर्षीय दिलीप पिता प्रकाश, अपने परिवार के सुनील और रवि के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने डीजे संचालकों से कहा कि आसपास महिलाएं और परिवार के लोग मौजूद हैं, इसलिए अपशब्दों का इस्तेमाल न करें। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
मारपीट के बीच दिलीप पर चाकू से हमला
विवाद के दौरान डीजे संचालकों और कुछ बारातियों ने दिलीप तथा उसके साथ आए लोगों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक डीजे ऑपरेटर ने दिलीप के पेट में चाकू मार दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
परिजन घायल दिलीप को इलाज के लिए पहले जावरा ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर रतलाम रेफर किया गया, लेकिन जावरा से कुछ किलोमीटर आगे जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को रतलाम (Ratlam) मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई।
डेढ़ माह पहले हुई थी शादी
दिलीप की शादी करीब डेढ़ माह पहले ही हुई थी। रविवार को वह पूरे परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर शामगढ़ गया था और शाम को ही लौटा था। परिवार में पत्नी, माता-पिता, भाई-बहन सहित अन्य सदस्य हैं।
हत्या के बाद टलीं शादियां, लौटीं बारातें
घटना के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई। कानून-व्यवस्था को देखते हुए रात में तीनों बारातें बिना शादी के वापस लौट गईं। दिलीप की मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


