
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले में पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाले मामले में एसपी अमित कुमार ने माणकचौक थाना प्रभारी (TI) पातीराम डावरे को लाइन अटैच कर दिया। उन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। इसके अलावा बीट प्रभारी और माइक्रो बीट प्रभारी भी शुरू से लापरवाही के घेरे में थे। घटना के शुरुआत में वंदेमातरम् NEWS ने माणक चौक थाने की लापरवाही को लेकर प्रमुखता से सवाल भी खड़े किए थे। इन सवालों के जवाब में रतलाम SP अमित कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले एसपी ने जिले के 14 हेड कॉन्स्टेबलों के भी तबादले किए थे।

जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 की रात करमदी स्थित मथुरी तालाब पर तीन युवक पहुंचे थे। ग्रामीणों को मोटर चोरी की आशंका हुई तो उन्होंने तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पकड़े गए युवक के खिलाफ केवल शांति भंग की कार्रवाई की और उसे जेल भेज दिया। फरार हुए दोनों युवकों की तलाश के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किए गए।
जमानत के बाद खुली पुलिस की कार्यशैली
पकड़े गए युवक को बाद में जमानत मिल गई, लेकिन इस पूरे मामले में पुलिस ने न तो उससे गहन पूछताछ की और न ही फरार युवकों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी लापरवाही को लेकर अब पुलिस विभाग में गंभीर सवाल खड़े भी हुए थे।
दो दिन बाद तालाब में मिले दोनों युवकों के शव
घटना के दो दिन बाद फरार हुए दोनों युवकों के शव उसी मथुरी तालाब से बरामद हुए। शव मिलने के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। माना जा रहा है कि यदि पुलिस समय रहते जांच करती और पकड़े गए युवक से पूछताछ करती, तो दोनों युवकों का सुराग पहले ही मिल सकता था।
लापरवाही भारी पड़ी, TI को हटाया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार ने थाना प्रभारी पातीराम डावरे को लाइन अटैच कर दिया। फिलहाल माणकचौक थाने में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि ड्यूटी में लापरवाही और जांच में कोताही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


