
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रतलाम (Ratlam) में श्रम संगठनों की संयुक्त समिति के नेतृत्व में वाहन रैली निकालकर दिवस मनाया गया। सभा के दौरान “कामरेड अश्विनी शर्मा अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा। समिति के अध्यक्ष कॉमरेड आई.एल. पुरोहित ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी श्रम संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मजदूर दिवस को मनाया।


रैली अलकापुरी चौराहे से प्रारंभ होकर राम मंदिर, सैलाना ब्रिज, लोकेंद्र टॉकीज मार्ग से होती हुई नगर निगम तिराहे पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रमिकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मजदूर एकता और अधिकारों की आवाज बुलंद की।नगर निगम तिराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीटू के कॉमरेड एम.एल. नागावत ने मजदूर दिवस के इतिहास और वर्तमान संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं कॉमरेड कीर्ति शर्मा ने मजदूर एकता का गीत प्रस्तुत कर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। सभा के दौरान “कामरेड अश्विनी शर्मा अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने अपने संबोधन में सरकार की चारों श्रम संहिताओं को मजदूर विरोधी बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन कानूनों से पूंजीपतियों द्वारा मजदूरों का शोषण बढ़ेगा। यूनियन के सचिव निखिल मिश्रा ने दवाओं पर जीएसटी शून्य करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम का संचालन सहसचिव अविनाश पोरवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष राशिद खान ने माना। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें प्रोग्रेसिव पेंशनर्स, जनवादी महिला संघ, जनवादी लेखक संघ, बैंक यूनियन, आशा-ऊषा संगठन, किसान सभा और अन्य श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


