
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो युवकों की जान चली गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओल्ड रेलवे क्वार्टर के सामने स्थित शंकर मंदिर के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान 36 वर्षीय आनंद रावत (निवासी रेलवे कॉलोनी) और 38 वर्षीय शाहबाज उर्फ आशु खान (निवासी पीएनटी कॉलोनी) के रूप में हुई है। वहीं, 22 वर्षीय पीयूष रावत गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।रविवार देर रात दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घायल पीयुष का भी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। रतलाम औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने जीरो पर कायमी कर केस जीआरपी को सौंप दिया है।

विवाद की शुरुआत शादी समारोह से
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत एक शादी समारोह में बिंदौली के दौरान हुई थी। उस समय कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए, जिसके बाद झगड़ा बढ़कर हिंसक हो गया।
आरोपियों ने किया चाकू से हमला
घायल पीयूष की शिकायत के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई आनंद और मित्र शाहबाज के साथ रात करीब 11.30 बजे शंकर मंदिर के पास पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी रोजर बिन्नी अपने साथियों मुन्ना खंडकर और रोहित खंडकर के साथ वहां आया और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया
घटना के बाद सभी घायलों को Ratlam जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया। पीयूष की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर एसपी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही रतलाम (Ratlam) एसपी अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बाद में मामला जीआरपी को सौंप दिया गया और देर रात प्रकरण दर्ज किया गया।
जीआरपी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले में Ratlam जीआरपी की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद जीआरपी थाना प्रभारी मौके और अस्पताल दोनों जगह नहीं पहुंचे, जिससे जीआरपी की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने रोहित खंडकर, मुन्ना खंडकर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


