Ratlam : आवारा मवेशी पकड़ने पहुंचे कर्मचारियों से बजरंग दल जिला मंत्री ने की मारपीट 

- घटना के विरोध में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, जिला मंत्री पर एफआईआर, वीडियो हो रहा वायरल 

Municipal Team Attacked in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय पर बीती देर रात आवारा मवेशियों को पकड़ने गई नगर निगम की टीम के साथ मारपीट और विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्व हिंदू परिषद के बजरंग दल जिला मंत्री गौरव शर्मा ने साथियों के साथ कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और उप स्वच्छता पर्यवेक्षक विराट मेहरा को थप्पड़ मार जान से मारने की धमकी दी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान निगम वाहन में मौजूद 2 गायों और 3 सांडों को भी जबरदस्ती वाहन से उतरवा लिया गया। टीम के साथ मारपीट की घटना के बाद रतलाम नगर निगम कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मंगलवार सुबह सफाई कर्मचारियों और वार्ड प्रभारियों ने काम बंद कर दिया और अपने कचरा वाहनों के साथ डीडी नगर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के विरोध के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। उनका आरोप है कि घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप नहीं किया और न ही आरोपी को रोकने का प्रयास किया।

मेडिकल जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर

घटना में घायल उप स्वच्छता पर्यवेक्षक विराट मेहरा ने प्राथमिक उपचार के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। निगम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो वे भविष्य में मवेशी पकड़ने की कार्रवाई नहीं करेंगे।

रात में रोका वाहन, जबरन छुड़ाए मवेशी

पशु वाहन प्रभारी विराट मेहरा के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे उनकी टीम पांच आवारा मवेशियों को पकड़कर हनुमान मंदिर क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान गौरव शर्मा वहां पहुंचा और कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को रोक लिया। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी चरणसिंह ने बताया कि टीम के अन्य सदस्य राधेश्याम, अयुब, याकुब, साकिर, गोलू और निर्मल के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी का इससे पहले भी निगम टीम से विवाद हो चुका है।

रतलाम निगम प्रशासन ने लगाए गंभीर आरोप

स्वच्छता प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि शिकायत मिलने पर निगम टीम ने आवारा मवेशियों को पकड़ा था, लेकिन आरोपी ने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दुर्व्यवहार किया और मवेशियों को छुड़ा लिया। उन्होंने कहा कि अगर निगम कर्मचारियों को सुरक्षा नहीं मिली तो फील्ड में काम करना मुश्किल हो जाएगा।

पुलिस बोली मामले की जांच जारी

रतलाम के दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि निगम टीम के साथ मारपीट की शिकायत पर एक नामजद आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!