
– परिवार के साथ लौट रहे व्यवसायी का संतुलन बिगड़ा, पैर में फ्रैक्चर होने पर दाहोद रेफर
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। गुरुवार देर रात रतलाम (Ratlam) जिले के धामनोद के गांधी चौक–बायपास क्षेत्र में एक सड़क हादसे में सैलाना के मोबाइल व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। दुर्घटना में व्यवसायी के पैर की हड्डी टूट गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दाहोद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सैलाना के दीनदयाल कॉम्प्लेक्स स्थित जागृति मोबाइल के संचालक दिलीप राठौड़ गुरुवार रात पत्नी और बेटे के साथ बाइक से नामली से सैलाना लौट रहे थे। इसी दौरान धामनोद बायपास के समीप अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में दिलीप राठौड़ को गंभीर चोटें आईं और उनके दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें निजी वाहन से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगे के इलाज के लिए दाहोद स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर धामनोद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


