
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा स्थित प्रसिद्ध हुसैन टेकरी से अगवा किए गए 6 माह की मासूम आयान खान को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। अपहरण की इस सनसनीखेज वारदात के बाद रतलाम पुलिस की सूचना पर शिवपुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी बच्चे को इंदौर के रास्ते दिल्ली ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर बिछाया गया जाल
कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के अनुसार शुक्रवार देर रात रतलाम पुलिस से सूचना मिली थी कि संदिग्ध एनएच-46 मार्ग से शिवपुरी क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। मोबाइल लोकेशन के आधार पर बदरवास क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई और कोलारस थाना व लुकवासा चौकी पुलिस को पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग के निर्देश दिए गए।

15 कारें और कई बसें खंगालने के बाद मिला मासूम

पुलिस के पास आरोपियों के वाहन की कोई सटीक जानकारी नहीं थी। केवल संदिग्धों के फोटो और लोकेशन साझा की गई थी। करीब डेढ़ घंटे तक चली सघन जांच में 15 कारों और 8 से 10 यात्री बसों की तलाशी ली गई। इसी दौरान इंदौर से दिल्ली जा रही एक बस में एक महिला, एक पुरुष, एक किशोर और उनके साथ मासूम आयान मिला। पुलिस ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जियारत के लिए आए परिवार के साथ हुई वारदात
आयान खान सागर जिले का निवासी है। उसके पिता साहिल खान पत्नी शाहीन और बेटे के साथ करीब 10 दिन पहले हुसैन टेकरी पर जियारत के लिए पहुंचे थे। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे परिवार परिसर में सो रहा था। इसी दौरान एक महिला मासूम को उठाकर ले गई। कुछ देर बाद बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलने पर परिवार ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
संतान की चाह में किया अपहरण, पूछताछ में खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम रूपा रैगर और पुरुष ने निजाम मंसूरी बताया है। दोनों राजस्थान के झालावाड़ जिले के निवासी हैं और खुद को मुंहबोला भाई-बहन बता रहे हैं। उनके साथ निजाम का 13 वर्षीय बेटा भी मौजूद था। पुलिस पूछताछ में रूपा ने बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है। इसी वजह से उसने बच्चे का अपहरण किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जावरा से रतलाम, उज्जैन और इंदौर होते हुए दिल्ली जाने वाली बस में सवार हुए थे।
बड़े नेटवर्क की आशंका पर भी जांच जारी
बच्चे के सुरक्षित मिलने की सूचना के बाद आयान के माता-पिता शिवपुरी पहुंचे। चूंकि मामला जावरा थाना क्षेत्र का है, इसलिए शिवपुरी पुलिस ने बच्चे और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए रतलाम पुलिस को सौंप दिया। अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि यह केवल संतान की चाह में किया गया अपहरण था या इसके पीछे कोई बड़ा बाल तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


