
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के ताल थाना क्षेत्र के कोठड़ी गांव में किसान राजेंद्रसिंह डांगी हत्याकांड (Murder) का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि 35 वर्षीय किसान की हत्या उसके मौसेरे भाई उमरावसिंह डांगी ने की थी। हत्या की साजिश में आरोपी की पत्नी, बेटा और छोटा भाई भी शामिल थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है, जहां से उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
खेत में खून से लथपथ मिला था किसान का शव
जानकारी के अनुसार राजेंद्रसिंह डांगी शुक्रवार रात अपने खेत पर गए थे, लेकिन सुबह तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो खेत में उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी।
विशेष टीम बनाकर की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देशन में आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर, ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी, आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, बरखेड़ाकला थाना प्रभारी पातीराम डावरे और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उमरावसिंह डांगी और राजेंद्रसिंह के बीच पहले से विवाद चल रहा था और हत्या का मुख्य आरोपी मृतक राजेंद्र सिंह को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था, इस दिशा में पुलिस ने जब कार्रवाई शुरू की तो अंधे कत्ल की परते खुलती गई।
धारदार हथियार से किया था हमला
साइबर सेल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदेही उमरावसिंह डांगी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि हाल ही में राजेंद्रसिंह की मां तीर्थयात्रा से लौटी थीं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी उमरावसिंह के परिवार को आमंत्रित नहीं किया गया था। आरोपी इस बात से नाराज था। पुलिस के अनुसार खेत की मेड़ के विवाद और सामाजिक उपेक्षा से उपजी रंजिश ने मिलकर हत्या की साजिश को जन्म दिया।
पत्नी, बेटा और भाई भी साजिश में शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उमरावसिंह की पत्नी भूलीबाई, बेटा जितेंद्र और छोटा भाई जगदीश हत्या की साजिश में शामिल थे। आरोपियों ने घटना के संबंध में पुलिस से जानकारी छिपाई और अपराध को छुपाने का प्रयास किया। इसी आधार पर चारों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुरानी हत्या के मामले में भी रह चुका है जेल
पुलिस के अनुसार उमरावसिंह और उसके पिता नाथू डांगी वर्ष 2007 में गांव में हुए एक हत्या प्रकरण में भी आरोपी रहे हैं। उस मामले में दोनों जेल जा चुके हैं। घटना के बाद समाज ने उनके परिवार का बहिष्कार कर दिया था, जिसके चलते उन्हें सामाजिक कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता था।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, पूछताछ जारी
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


