
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में गुरुवार रात मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में ले जाया जा रहा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

करीब 200 लोग जुलूस में थे शामिल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट की ऊंचाई से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। करंट फैलते ही ताजिया के आसपास चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े और पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रशासन और डॉक्टर के आंकड़ों में अंतर
हादसे में रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान की मौत हुई है। हालांकि रतलाम प्रशासन ने अब तक दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है, क्योंकि अरबाज खान के परिजन उन्हें अस्पताल से दूसरे स्थान पर ले गए थे। वहीं मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. रविंद्र सोलंकी ने तीन लोगों के मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की पुष्टि की है।
घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी
घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास (16), मोइन शाह (35), रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद और वहीद शामिल हैं। वहीं इब्राहिम को रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का लगातार इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी ने बताया कि हादसे के समय बिजली की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही थी। उनका कहना है कि दुर्घटना के वक्त मौके पर न पुलिस बल मौजूद था और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी, जिससे समय रहते खतरे को टाला नहीं जा सका।
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में ताजिया के बिजली लाइन से टकराते ही करंट फैलने और लोगों के इधर-उधर भागने का दृश्य दिखाई देता है। कई लोग जमीन पर गिरे नजर आते हैं, जबकि स्थानीय लोग घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।
ड्यूटी डॉक्टर ने की तीन मौतों की पुष्टि
रतलाम मेडिकल कॉलेज के डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि तीन लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि दो मृतकों के परिजन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए बिना शव अपने साथ ले गए, जबकि उन्हें पहले ही बताया गया था कि उनकी मौत हो चुकी है।
घटना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
रतलाम के एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


