
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के सैलाना (Sailana) में नाबालिग से रुपए और जेवरात वसूलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी हर्ष गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी आदित्य सिसौदिया और अंकलेश मोंगिया को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी हर्ष गुर्जर की तलाश के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुराने मामलों की भी हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, हर्ष गुर्जर का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस उसके खिलाफ दर्ज पुराने प्रकरणों की जानकारी जुटा रही है ताकि गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।
हिस्ट्रीशीटर संदीप जाट से रहा करीबी संबंध
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हर्ष गुर्जर क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर संदीप जाट का करीबी सहयोगी रहा है। दोनों कई गंभीर मामलों में सह-आरोपी रह चुके हैं। हर्ष के खिलाफ लूट, अवैध वसूली, मारपीट और जहरीली शराब के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में भी नाम सामने आने की बात पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। संदीप जाट वर्तमान में शिवगढ़ क्षेत्र की एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
मोबाइल व्यापारी से वसूली और मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष हर्ष गुर्जर पर सैलाना के एक मोबाइल व्यापारी से कथित तौर पर अवैध वसूली की मांग करने का आरोप लगा था। व्यापारी द्वारा रकम देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में भी हर्ष के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था।
जिलाबदर के दौरान भी दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, जिलाबदर की अवधि के दौरान भी हर्ष गुर्जर और उसके साथी संदीप जाट पर ग्राम भैंसाडाबर में एक युवक से लाखों रुपये की कथित अवैध वसूली मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप है। इस संबंध में धामनोद चौकी में मामला दर्ज है, जिसे पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड का हिस्सा मान रही है।
गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही हर्ष गुर्जर को गिरफ्तार किया जाएगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


