
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भ्रष्टाचार के एक चर्चित मामले में गिरफ्तार रतलाम (Ratlam) के औद्योगिक क्षेत्र थाना में पदस्थ हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। गोसाई को राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वितीय की टीम ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
एसीबी के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल ने भीलवाड़ा निवासी शराफत शेख से उसके भाई मोहम्मद लियाकत के मामले में मारपीट नहीं करने और कानूनी सहायता दिलाने के एवज में 1.10 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के दौरान यह भी सामने आया कि गोसाई पहले ही 10 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था।
सर्किट हाउस के पास होटल में हुई ट्रैप कार्रवाई
सोमवार शाम एसीबी-द्वितीय की टीम ने भीलवाड़ा के सर्किट हाउस के पास स्थित एक होटल में ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही तपेश गोसाई परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था, एसीबी के उप अधीक्षक नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
बुजुर्ग भाई को हथकड़ी पहनाकर घुमाने की दी थी धमकी
शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेड कांस्टेबल ने परिवादी को धमकाते हुए कहा था कि यदि रकम नहीं दी गई तो उसके 70 वर्षीय बुजुर्ग भाई को हथकड़ी लगाकर पूरे भीलवाड़ा शहर में घुमाया जाएगा, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होगी। इसके अलावा रिश्तेदारों को साइबर अपराध के मामलों में फंसाने और जेल में मारपीट कराने की धमकी भी दी गई थी।
धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार है मोहम्मद लियाकत
मोहम्मद लियाकत के खिलाफ रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है। पुलिस के अनुसार, मूलतः दांथल और वर्तमान में रतलाम के 80 फीट रोड निवासी बायोडीजल कारोबारी रतन जांगिड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2025 में लियाकत ने खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताकर नए आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित बंद ऑयल मिल और उसकी जमीन का 11.10 करोड़ रुपए में सौदा कराया। इस दौरान उसने विभिन्न माध्यमों से 25.76 लाख रुपए ले लिए, लेकिन सौदा पूरा नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने लियाकत को गिरफ्तार किया था।
जांच के लिए भीलवाड़ा पहुंची थी रतलाम पुलिस टीम
धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में रतलाम पुलिस की एक टीम, जिसमें एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी शामिल थे, रविवार को आरोपी मोहम्मद लियाकत को लेकर भीलवाड़ा पहुंची थी। इसी दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर एसीबी ने जांच की और ट्रैप कार्रवाई कर हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई को गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
रिश्वतखोरी के इस मामले में हेड कांस्टेबल तपेश गोसाईं की गिरफ्तारी के बाद Ratlam पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एसीबी पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत की मांग में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


