
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के केलकच्छ चौकी प्रभारी केएल सोनार्थी पर शिकायत लेकर पहुंचे एक फरियादी के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम डुंगरीपाड़ा निवासी बापू पिता बिज्या खराड़ी ने इस संबंध में सैलाना (Sailana) एसडीओपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा का विषय बन गया है। एसडीओपी नीलम बघेल ने शिकायत की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
शिकायतकर्ता बापू खराड़ी के अनुसार, 29 जून 2026 को वह अपने भाई नारायण के साथ गांव जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही लालू चारेल ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि लालू ने पत्थर से हमला करने का प्रयास किया, उनके साथ मारपीट की और एक युवती की मौत से जुड़े रुपयों की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बापू का कहना है कि घटना के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने के लिए केलकच्छ चौकी पहुंचे तो वहां भी उन्हें रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की धमकी दी गई।
शिकायत सुनने के बजाय चौकी प्रभारी ने की मारपीट
आरोप है कि पदस्थ केलकच्छ चौकी प्रभारी केएल सोनार्थी ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। फरियादी का आरोप है कि झूठी शिकायत करने की बात कहते हुए चौकी प्रभारी ने थप्पड़ और लातों से मारपीट की तथा भविष्य में शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी।शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों में चर्चा, पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग
फरियादी का कहना है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और जिनसे सुरक्षा की उम्मीद थी, उन्हीं पुलिसकर्मी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पीड़ित पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों का पुराना विवाद, आरोप गलत
चौकी प्रभारी केएल सोनार्थी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह एक ही गांव के दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का मामला है, जो एक युवती की मौत (मर्ग) से जुड़ा हुआ है।
एसडीओपी बोलीं, आरोप सही तो होगी कार्रवाई
सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल ने बताया कि चौकी प्रभारी के खिलाफ प्राप्त शिकायत की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


