
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक नवजात बच्ची ट्रेन के स्लीपर कोच में लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची भिंड-रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस के एस-2 स्लीपर कोच में सीट पर कपड़े में लिपटी हुई मिली। यात्रियों ने रोने की आवाज सुनकर बच्ची को देखा और तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। महिला पुलिसकर्मी की सहायता से नवजात को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। प्राथमिक जांच के बाद उसे बेहतर देखभाल के लिए बाल चिकित्सालय के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है।

ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने के दौरान छोड़ने की आशंका
जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया कि भिंड-रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह इंदौर से रतलाम पहुंचने के बाद यार्ड में खड़ी रहती है। शाम करीब 4 बजे ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लाया जाता है और शाम 5:25 बजे यह भिंड के लिए रवाना होती है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने और यात्रियों के चढ़ने से पहले किसी ने नवजात को कोच में छोड़ दिया।
बंद गेट के बावजूद एस-2 कोच तक पहुंचा व्यक्ति
जांच में सामने आया है कि स्लीपर कोच के गेट बंद थे। ऐसे में संभावना है कि संबंधित व्यक्ति किसी अन्य कोच से होकर एस-2 कोच तक पहुंचा और सीट पर कपड़े में लिपटी बच्ची को छोड़कर वहां से चला गया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सोहन पाटीदार के अनुसार रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


