
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में लक्कड़पीठा स्थित यूको बैंक (UCO Bank) शाखा में करोड़ों की बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। UCO Bank के एक आउटसोर्स कर्मचारी ने 40 ग्राहकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर करीब 85 लाख रुपये से अधिक की राशि हड़प ली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे षड्यंत्र में बैंक का तत्कालीन शाखा प्रबंधक भी शामिल था। मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Ratlam माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के अनुसार, मामले की शुरुआत 30 जून 2026 को दिनेश बंजारा की शिकायत से हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि UCO Bank में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने खातों और एफडी से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग कर मोबाइल बैंकिंग ऐप के माध्यम से एफडी तोड़ दी और रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। बाद में यह राशि अपने रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में भी भेजी गई।
ऐसे उजागर हुई ठगी की कहानी
शिकायतकर्ता दिनेश बंजारा ने बताया कि उन्होंने 14 मई को नया खाता खुलवाने के लिए राहुल राठौर को 72,500 रुपये दिए थे। राहुल ने बैंक की सील लगी रसीद भी दी और कुछ दिनों बाद पासबुक व एटीएम कार्ड लेने के लिए कहा। जब वह पैसे निकालने बैंक पहुंचे तो पता चला कि उनके खाते में केवल ढाई हजार रुपये ही जमा हैं। इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अब तक 40 पीड़ित आ चुके सामने
जांच आगे बढ़ने पर एक-एक कर अन्य पीड़ित भी सामने आने लगे। पुलिस के अनुसार अब तक 40 ऐसे ग्राहक मिले हैं, जिनकी 20 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की एफडी बिना अनुमति के तोड़ी गई। इस तरीके से आरोपियों ने करीब 85 लाख रुपये से अधिक की रकम का गबन किया।
राशि ट्रांसफर में दिया था लालच
Ratlam पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राहुल राठौर ने पहले ठगी की पूरी राशि अपने खाते में जमा की और बाद में अपने जीजा सहित कई परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी। जिन लोगों के खातों का इस्तेमाल किया गया, उन्हें कुछ राशि का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया गया।
पूर्व शाखा प्रबंधक त्रिलोक झा गिरफ्तार
जांच के दौरान UCO Bank के तत्कालीन शाखा प्रबंधक त्रिलोक झा की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। वर्तमान में गुजरात के वडोदरा में पदस्थ त्रिलोक झा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि ठगी के इस पूरे नेटवर्क में आउटसोर्स कर्मचारी और पूर्व शाखा प्रबंधक की मुख्य भूमिका रही।
राहुल पुलिस रिमांड पर शेष जेल
Ratlam पुलिस ने इस मामले में राहुल राठौर, पूर्व शाखा प्रबंधक त्रिलोक झा, राहुल के जीजा मुकेश राठौर समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राहुल राठौर को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य छह आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
अब तक इन्हें किया जा चुका गिरफ्तार
1) आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर (23)पिता मांगीलाल राठौर निवासी त्रिमूर्ती नगर साक्षी पंप के सामने रतलाम।
2) बैंक का पूर्व मैनेजर त्रिलोक (37)पिता सीताराम झा निवासी ग्राम सुरवी जिला मधुबनी बिहार हाल मुकाम मिडटाउन कालोनी रतलाम।
3) जीजा मुकेश पिता शंकरलाल राठौर निवासी सिद्धार्थ नगर रतलाम।
4) रवि (24)पिता पूनमचंद कुमावत निवासी राम मंदिर के पास ग्राम उमरन जिला रतलाम।
5) दिनेश (47)पिता भेरुलाल धीरजशाह नगर रतलाम।
6) अरुण (38)पिता इंदरमल जैन निवासी संत नगर रतलाम।
7) जितेंद्र (26)पिता गोविंद कुमावत निवासी राम मंदिर के पास ग्राम उमरन जिला रतलाम।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


