
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय स्थित सराफा व्यापारी के घर दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। घटना के 21 दिन बाद पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड एवं बजरंग दल पूर्व जिला संयोजक विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसके साथी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों को सागोद और मोरवनी के बीच निर्माणाधीन ब्रिज के पास से पकड़ा। वीनू शर्मा के कब्जे से एक देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एक करोड़ की वसूली के लिए किया था फायर
डीडी नगर थाना पुलिस के अनुसार पूछताछ में वीनू शर्मा ने बताया कि सरवन निवासी सराफा व्यापारी आदित्य सोमानी और रतलाम के सराफा व्यापारी कमल जैन के पुत्र दिव्यांश जैन के बीच शेयर मार्केट और एमसीएक्स के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान वीनू ने स्वयं आदित्य सोमानी से संपर्क किया और एक करोड़ रुपए की वसूली कराने का प्रस्ताव रखा। इसके बदले 40 प्रतिशत यानी 40 लाख रुपए देने की बात तय हुई। इसके बाद उसने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की साजिश रची और शूटरों की व्यवस्था की थी।
फायरिंग से पहले दो बार दी गई थी धमकी
जांच में सामने आया है कि वसूली के लिए वीनू शर्मा ने सराफा व्यापारी के परिवार को दो बार धमकाया था। पहली बार वह अपने साथियों के साथ व्यापारी के घर पहुंचा और रुपए नहीं देने पर गोली चलाने की चेतावनी दी थी। दूसरी बार बाजार में दिव्यांश जैन को बुलाकर धमकी दी गई थी।
झुक कर पत्नी ने बचाई थी जान
पीड़ित कमल जैन के अनुसार 6 जून से उनके घर पर बदमाशों का आना शुरू हो गया था। 6 जून को वीनू शर्मा सहित 6-7 लोग घर पहुंचे और रुपए देने का दबाव बनाया। 13 जून को दोबारा धमकी दी गई और 19 जून को घर पर फायरिंग कर दी गई। इस दौरान चली गोली खिड़की में लगी। उनकी पत्नी मनीषा जैन समय रहते झुक गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया था।
अब तक 10 आरोपी जेल में, दो की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में फायरिंग करने वाले विनित उर्फ चुचू बड़गोतिया, बाइक चालक भोला पाटीदार, साजिशकर्ता योगेंद्रसिंह चौहान उर्फ गोलू बाबा, विकास टांक, हथियार उपलब्ध कराने वाले अर्जुन सिसोदिया, सुपारी देने वाला आदित्य सोमानी, धमकी देने वाले कन्हैयालाल सोलंकी, बाइक उपलब्ध कराने वाले रवींद्र राजन और अजय चौहान उर्फ गट्टू, तथा पिस्टल के स्रोत सिराज खान समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फायरिंग के दौरान दूसरी बाइक पर मौजूद वसीम उर्फ पांडू और अदनान मुकाती अभी फरार है। खास बात यह है कि बजरंग दल का पूर्व नेता वीनू शर्मा की इस वारदात में तरुण सांकला हत्याकांड का नामजद आरोपी वसीम उर्फ पांडू भी शामिल था, जिसने पूरे मामले को एक नया मोड़ देने के साथ आमजन के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के मुताबिक वीनू शर्मा पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में तीन वर्ष की सजा पा चुका है और जमानत पर बाहर था। वहीं वसीम उर्फ पांडू हिंदू नेता तरुण सांखला हत्याकांड का आरोपी रह चुका है।
गुजरात से मध्यप्रदेश तक बदलते रहे ठिकाने
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि घटना के बाद वीनू शर्मा और उसका साथी निजी वाहनों की मदद से पहले गुजरात के सोमनाथ पहुंचे। वहां कुछ दिन रुकने के बाद राजस्थान के मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र में अपने एक परिचित के यहां रहे। इसके बाद दोनों होशंगाबाद, देवास और फिर इंदौर पहुंचे। पुलिस लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही दोनों रतलाम जिले की सीमा में पहुंचे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


