
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए एक वीडियो में एक आरोपी ने रामभद्राचार्य के हिंदू राष्ट्र संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसी बीच आरोपी की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिस पर भी पुलिस ने अलग से एफआईआर दर्ज कर दी है।
इंस्टाग्राम वीडियो पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में एक युवक ने रामभद्राचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अपमानजनक टिप्पणी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद ओसवाल नगर निवासी रोहित पंवार ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने कहा कि धर्मगुरु के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस जांच में वीडियो पोस्ट करने वाले की पहचान इब्राहीम शेरानी के रूप में हुई, जो रतलाम में ऑटो चालक है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने जताई नाराजगी
शिकायतकर्ता रोहित पंवार का कहना है कि सोशल मीडिया पर साधु-संतों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की पिटाई का वीडियो भी वायरल
इसी मामले के बीच एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग एक युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि मारपीट का शिकार वही व्यक्ति है, जिस पर रामभद्राचार्य के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह घटना शहर के मेहंदी कुई बालाजी मंदिर क्षेत्र की है। वीडियो सामने आने के बाद घायल युवक के पिता जावेद पठान की शिकायत पर पुलिस ने भवानी उर्फ सोमू सहित एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।
रतलाम पुलिस का बयान
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि धर्मगुरु के प्रति अभद्र टिप्पणी की शिकायत मिलने पर वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मारपीट के वायरल वीडियो की भी जांच की गई है और शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


