Ratlam : जेल से सामने आए बदमाश बाबर के VIDEO ने पुलिस के फ्रैक्चर वाले दावे की खोली पोल

Video from Ratlam Jail

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) सर्किल जेल में बंद जानलेवा हमले के आरोपी बाबर खान का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो (VIDEO) न केवल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि पुलिस के उस दावे को भी कटघरे में खड़ा कर रहा है, जिसमें गिरफ्तारी के दौरान गिरने से आरोपी का पैर फ्रैक्चर होने का दावा भरा गया था। रतलाम जिला जेल से सामने आए वीडियो में आरोपी बिना किसी परेशानी के वही पैर उठाकर दिखाता नजर आ रहा है। इसके बाद पुलिस का फ्रैक्चर वाला दावा पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गया है।

रतलाम के सर्किल जेल में बंद जानलेवा हमले के आरोपी बाबर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह वीडियो कैदी मुलाकात कक्ष में मुलाकात के दौरान बनाया गया बताया जा रहा है। वीडियो के सामने आने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ गए हैं, क्योंकि कैदी मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।

सबसे अहम बात यह है कि वीडियो में आरोपी अपना वही पैर उठाकर दिखाता नजर आ रहा है, जिसके बारे में रतलाम स्टेशन रोड थाना पुलिस ने दावा किया था कि गिरफ्तारी के दौरान भागते समय गिरने से उसका पैर फ्रैक्चर हो गया था। वीडियो में न तो पैर पर प्लास्टर दिखाई दे रहा है और न ही ऐसी कोई स्थिति, जिससे फ्रैक्चर का अंदाजा लगाया जा सके। इससे पुलिस का दावा सवालों के घेरे में आ गया है।

बेखौफ आरोपी का पूरे सिस्टम को चैलेंज

आरोपी बाबर ने वीडियो में एक रील बनाकर बैकग्राउंड में गाना भी लगाया है, जिसके बोल हैं— “जिसमें जिगर है उसे कोई नहीं रोक सकता… तेरे जैसे कई आते हैं और चले जाते हैं…”। वीडियो पर लिखा है— “गैंगस्टर वाला दिमाग देकर ऊपर वाले ने शरीफ घर में पैदा कर दिया।” वीडियो में आरोपी गाने के साथ एक्शन करता भी नजर आ रहा है।

5 दिन पूर्व हुई थी गिरफ्तारी

Ratlam स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बाबर खान को 14 जुलाई 2026 को जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किया था। उसी दिन कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में सर्किल जेल भेज दिया गया था। शनिवार को जेल के कैदी मुलाकात कक्ष में मुलाकात के दौरान यह वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जेल में मोबाइल कैसे पहुंचा?

जेल नियमों के अनुसार मुलाकात से पहले आने वाले लोगों का पंजीयन, पहचान पत्र की जांच और तलाशी ली जाती है। इसके बावजूद मोबाइल फोन कैदी मुलाकात कक्ष तक कैसे पहुंचा, यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 17 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे बाबर खान से मिलने असलम और आमिर खान नाम के दो लोग पहुंचे थे, जिन्होंने खुद को उसका भाई बताया था। दोनों ने मुलाकात रजिस्टर में मिल्लत नगर निवासी होना दर्ज कराया था। अब जेल प्रशासन उनसे भी पूछताछ करेगा।

जांच में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

आरोपी से मुलाकात के दौरान केवल एक प्रहरी लालसिंह की ड्यूटी थी, जबकि एक महिला प्रहरी पंजीयन काउंटर पर तैनात थी। जेल प्रशासन का कहना है कि हैंड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाती है, लेकिन मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा था- फ्रैक्चर हुआ था

बता दें कि शनि गली स्थित एक कलाली में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में बाबर खान पर मछली व्यवसायी अंकित कहार पर पुलिसकर्मियों के सामने चाकू से हमला करने का आरोप है। घायल अंकित को 18 टांके आए थे और उसकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल की तस्दीक कराने ले गई थी। उस समय पुलिस ने दावा किया था कि पकड़ने के दौरान गिरने से आरोपी के पैर में फ्रैक्चर हो गया था और वह प्लास्टर के सहारे चल रहा था। लेकिन अब जेल से सामने आए वीडियो में आरोपी सामान्य तरीके से पैर उठाकर दिखाता नजर आ रहा है, जिससे पुलिस के दावे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जेल उपअधीक्षक बोले- मामूली खरोंच थी

जेल उपअधीक्षक ब्रजेश मकवाने ने बताया कि जेल में प्रवेश के समय डॉक्टर ने आरोपी का परीक्षण किया था। जांच में केवल मामूली खरोंच पाई गई थी। उनके इस बयान से भी पुलिस के फ्रैक्चर वाले दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वीडियो किसने बनाया, मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!