
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के आलोट तहसील अंतर्गत बरखेड़ा थाना क्षेत्र के देवगढ़ गांव में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे एक पटवारी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पटवारी के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए और बैग से पंचनामा निकालकर फाड़ डाला। हमले में पटवारी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया है।
शासकीय कार्रवाई के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, पटवारी अजय चौहान गुरुवार दोपहर शासकीय कार्य से देवगढ़ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें एक नाले के पास जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से अवैध खनन होता दिखाई दिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर खनन कर रहे लोगों से पूछताछ की और आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद पटवारी ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया और जेसीबी को थाने ले जाने के निर्देश दिए। इसी बात से नाराज होकर तीन लोगों ने पहले उनसे विवाद किया और फिर मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और चारों ने मिलकर पटवारी पर हमला कर दिया।
पंचनामा फाड़ा, डायल-112 पर दी सूचना
हमलावरों ने पटवारी के बैग से पंचनामा निकालकर फाड़ दिया और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। किसी तरह पटवारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और डायल-112 पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
हाथ में फ्रैक्चर, रतलाम किया गया रेफर
घटना के बाद ग्रामीण घायल पटवारी को आलोट के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में डॉक्टरों ने उनके एक हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की, जिसके बाद प्लास्टर चढ़ाया गया। गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रतलाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रतलाम प्रशासन और पुलिस हरकत में
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार वंदना किराड़े सहित प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल पटवारी का हालचाल जाना। तहसीलदार ने बताया कि पटवारी शासकीय दायित्व निभाते हुए अवैध खनन की जांच कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। मामले में पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया जा रहा है और हमलावरों की तलाश जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


