
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) रेलवे स्टेशन पर डीआरआई (डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) की टीम ने एक नाइजीरियन महिला से 2 किलो ड्रग्स जब्त की है। इसकी कीमत 1.6 करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है और पूछताछ जारी है।
डीआरआई को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियन महिला ड्रग तस्कर नई दिल्ली से मुंबई ट्रेन से जाने वाली है और उसके बैग में ड्रग्स है। टीम ने रतलाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन के आते ही चेकिंग शुरू की और मुखबिर के बताए अनुसार नाइजीरियन महिला को रतलाम स्टेशन पर हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस के ए-1 कोच से पकड़ा। उसके ट्रॉली बैग में एक कैबिन मिला, जिसमें से भूरे रंग का प्लास्टिक पैकेट निकला। इसमें सफेद रंग का पदार्थ मिला, जो जांच में एम्फेटामाइन पाया गया। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई गुरुवार देर शाम की गई।
किससे लाई और किसे देने जा रही थी, पता कर रहे
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार इस पूरे ड्रग सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें पता कर रहे हैं कि यह खेप दिल्ली में किसने दी थी तथा मुंबई में किसे डिलीवर होनी थी। इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार एम्फेटामाइन तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करने वाली दवा है। यह मस्तिष्क के रसायनों जैसे डोपामाइन और नॉरपेनेफ्रिन के स्तर को बढ़ाती है। यह अत्यंत प्रभावशाली और लत लगाने वाली नशीली दवा है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


