


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम में डॉ. शिवशक्तिलाल शर्मा आयुर्वेदिक कॉलेज (Dr. Shivshaktilal Sharma Ayurvedic College) में पढ़ने वाली बीएएमएस छात्रा के साथ उसके सहपाठी द्वारा दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर रतलाम के स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपी जुबेर मंसूरी को बड़वानी जिले के वरला से हिरासत में लिया है।



पुलिस के अनुसार, छात्रा ने शिकायत में बताया कि 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उसका सहपाठी जुबेर पिता अजित मंसूरी, निवासी ग्राम उमरिया पानी, जिला बड़वानी, उसे शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया। आरोप है कि वहां कमरे की कुंडी लगाकर उसे बंधक बना लिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी छात्रा पर हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने और उससे शादी करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण छात्रा ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में आरोपी द्वारा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद उसने हिम्मत जुटाकर माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर स्टेशन रोड थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीम बड़वानी भेजी और आरोपी को उसके गांव से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है।



विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
रतलाम ( Ratlam) के स्टेशन रोड थाना के सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया के अनुसार, घटनास्थल स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण इसी थाने में दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी और मकान मालिक से पूछताछ
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के मकान मालिक के बयान लिए जाएंगे तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। पुलिस वीडियो वायरल किए जाने के मामले की भी जांच कर रही है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


