


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में तेज आवाज में बजने वाले डीजे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। कार्रवाई देर शाम तब हुई, जब ध्वनि विस्तार यंत्रों के संचालकों ने दिनभर शहर को बंधक बनाकर आमजन के कान फोड़े। रतलाम पुलिस की इस लापरवाही को देख आमजन में खासी नाराजगी है।



जुलूस के बाद देर शाम रतलाम पुलिस ने 13 डीजे जब्त किए हैं और 2 का 30 हजार रुपए का चालान काटा है। 15 डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार आवासीय क्षेत्र में 55 डेसीबल से ज्यादा की आवाज नहीं होनी चाहिए। इसके बावजूद दिनभर कई दर्जन डीजे एक के पीछे एक 118 से 120 डेसिबल की गूंज के साथ सरेराह नियमों की धज्जियां उड़ाते रहे और पुलिस उनके पीछे पीछे घूमकर तमाशा देखती रही। रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि विभिन्न थानों ने कार्रवाई कर 13 डीजे जब्त किए हैं।



ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
ट्रैफिक पुलिस ने भी दिनभर रतलाम की सड़कों पर हुए तमाशे के बाद शाम को नींद से जागी। डीजे गाड़ी नंबर एमपी 13 जीए 6634 पर 20 हजार रुपए और डीजे गाड़ी एमएच 03 सीपी 6095 का 10 हजार रुपए का चालान काटा। जब्त किए गए सभी डीजे थानों पर खड़े किए गए हैं। ये सभी डीजे गाडियां अब न्यायालय की कार्रवाई के बाद ही छूटेंगी।
कहां – कितने डीजे जब्त
1) माणक चौक थाना – 5 डीजे
2) स्टेशन रोड थाना 1 डीजे
3) डीडी नगर थाना 3 डीजे
4) बिलपांक थाना 4 डीजे
लोहार रोड पर बर्तन तक गिर गए
लोहार रोड निवासी सुरेश राठौर ने बताया कि जब हमारे घर के सामने से जुलूस निकला तो उसमें शामिल डीजे का शोर इतना तेज था कि घर के बर्तन तक गिर गए। पुलिस और प्रशासन को तेज आवाज वाले डीजे पर कार्रवाई करनी चाहिए।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने बताया कि धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान ध्वनि प्रदूषण एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन करना सभी डीजे संचालकों एवं आयोजकों के लिए अनिवार्य है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


