


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर में ढाबों पर अवैध रूप से शराब परोसे जाने की शिकायतों के बीच पुलिस ने रविवार देर रात कार्रवाई की। पुलिस टीम ने औद्योगिक थाना क्षेत्र के सैलाना रोड और सेजावता फोरलेन बायपास स्थित पांच ढाबों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान एक ढाबे से बड़ी मात्रा में बीयर और देशी शराब बरामद की गई, जबकि एक अन्य स्थान पर लोग खुले में बैठकर शराब पीते मिले।



मां भद्रकाली ढाबे के फ्रीज से मिली शराब
सेजावता बायपास स्थित मां भद्रकाली ढाबे की तलाशी के दौरान पुलिस को फ्रीज में बड़ी संख्या में बीयर की केन और देशी शराब के क्वार्टर मिले। ढाबा संचालक से शराब के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।



खुले में बैठकर शराब पी रहे थे लोग
जांच के दौरान कॉर्पोरेट ढाबे के पीछे खुले स्थान पर टेबल और कुर्सियां लगाई गई थीं, जहां कुछ लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। मौके पर शराब की खाली बोतलें भी अलग-अलग स्थानों पर पड़ी मिलीं। पुलिस ने इस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए जांच की।
संबंधित थाने को नहीं दी गई थी पहले से सूचना
इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि एएसपी राकेश पंद्रों ने संबंधित औद्योगिक थाना क्षेत्र को पहले से सूचना दिए बिना अपनी टीम के साथ ढाबों पर दबिश दी। आकस्मिक कार्रवाई में स्टेशन रोड थाने की सालाखेड़ी चौकी के प्रभारी विजय बामनिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
संदिग्ध और अवैध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि ढाबों पर होने वाली संदिग्ध और अवैध गतिविधियों की निगरानी के उद्देश्य से रात के समय अचानक जांच की गई। जिन ढाबों पर अनियमितताएं और अवैध गतिविधियां सामने आई हैं, उनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


