


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) के सीनियर एडवोकेट, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन का हृदयाघात के कारण निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही जिला अभिभाषक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, मित्रों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।वर्तमान में वे जिला अभिभाषक संघ में उपाध्यक्ष के पद पर पदस्थ थे।



देर रात अचानक आया हृदयाघात
जानकारी के अनुसार सुनील जैन को रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अचानक हृदयाघात आया। परिजन कुछ समझ पाते और उन्हें आवश्यक सहायता मिल पाती, उससे पहले ही उनका निधन हो गया।



सामाजिक गतिविधियों और सेवा कार्यों से थे जुड़े
सुनील जैन लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों और सेवा कार्यों से जुड़े हुए थे। वे जिला बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे। इसके साथ ही वे पिछले करीब 15 वर्षों से लायंस क्लब द्वारा संचालित ब्लाइंड हेल्पिंग स्कूल से जुड़े थे और विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय योगदान देते रहे। परिवार में उनका बेटा दिल्ली में कार्यरत है, जबकि उनकी बेटी भोपाल में तहसीलदार के पद पर पदस्थ है।
अंतिम यात्रा आज शाम 4 बजे
सुनील जैन के आकस्मिक निधन को अधिवक्ता एवं सामाजिक जगत के लोगों ने अपूरणीय क्षति बताया है। उनके सहयोगियों, परिचितों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनकी अंतिम यात्रा 31 अगस्त 2026 की शाम 4 बजे निवास स्थान राजीव नगर, (कस्तूरबा नगर) से निकाली जाएगी।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


