


सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में 32 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। शव नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। मृतक के दोनों पैर रस्सी से बंधे मिले, जबकि सिर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पुलिस को मृतक के घर से भी खून के धब्बे और खून लगी एक कुल्हाड़ी मिली है। घटना के बाद मृतक की पत्नी के लापता होने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भीमा पिता मनोहर चरपोटा (32), निवासी ग्राम बोरदा के रूप में हुई है। उसका शव गांव के समीप स्थित रिगड़ वाले नाले में मिला।जानकारी के अनुसार 1 सितंबर 2026 को मृतक के चाचा भीमसिंह ने भीमा की पत्नी ललिता से उसके बारे में पूछताछ की थी। इस दौरान ललिता ने बताया था कि भीमा दानपुर गया हुआ है। रात करीब 9 बजे दोबारा पूछने पर उसने कहा कि भीमा अभी तक दानपुर से वापस नहीं लौटा है।



आज मिली शव नाले में पड़े होने की सूचना
बुधवार को गांव के सबजी मईडा ने परिजनों को सूचना दी कि भीमा का शव रिगड़ वाले नाले के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
शव के दोनों पैर बंधे थे रस्सी से
मौके पर भीमा का शव चित अवस्था में पड़ा मिला। उसके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गर्दन, बाएं गाल, माथे और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान थे तथा आसपास खून जमा हुआ था। मृतक का बायां हाथ जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया था। शव की स्थिति और पैरों में रस्सी बंधी होने से आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं अन्य स्थान पर करने के बाद शव को नाले में फेंका गया।
घर में खून के धब्बे और पलंग पर भी निशान
पुलिस जांच के दौरान मृतक के घर के अंदर भी कई स्थानों पर खून के धब्बे मिले हैं। परिजनों के अनुसार जिन स्थानों पर खून के निशान थे, उन्हें बाद में लीपने का प्रयास किया गया था। घर में रखे पलंग पर भी खून के निशान पाए गए। इसके अलावा पुलिस को घर में रखी एक कुल्हाड़ी पर भी खून लगा मिला है। पुलिस ने कुल्हाड़ी को जांच के लिए अपने कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
कुल्हाड़ी या किसी धारदार हथियार से हमले की आशंका
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। एडिशनल एसपी राकेश पन्द्रो, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, एसआई जगदीश सिंह तोमर, एसआई जीएल भूरिया सहित पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल की प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना करीब 24 घंटे पहले होने की संभावना है। मृतक के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पत्नी के लापता होने से शक की सुई घूमी
पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ललिता को रात करीब 9 बजे तक देखा गया था। इसके बाद से वह घर से गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उसके मिलने के बाद घटनाक्रम से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद समेत अन्य व्यक्तिगत और पारिवारिक पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण और किसी संभावित आरोपी के संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।
बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने हत्या के मामले में बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मृतक की पत्नी सहित अन्य संदिग्धों और घटना से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और एफएसएल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी कहानी स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


