


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा आज रविवार को शुरू हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा में रतलाम (Ratlam) जिले से 8 हजार से अधिक परीक्षार्थी सहभागिता कर रहे हैं। परीक्षा का आयोजन सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। परीक्षार्थियों को निर्धारित 20 मिनट की अवधि में 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की जा रही है। परीक्षार्थी अपने घर से मोबाइल, कंप्यूटर अथवा लैपटॉप के माध्यम से परिवारजनों के साथ सामूहिक रूप से इसमें भाग ले रहे हैं। क्रीड़ा भारती की वेबसाइट https://kreedabharatikgp.org पर मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से प्राप्त आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर परीक्षा दी जा रही है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के माध्यम से खेलों से संबंधित ज्ञान को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यार्थियों और आमजन को खेलों के प्रति अधिक जागरूक एवं प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतिवर्ष बच्चों में रहता खासा उत्साह
विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती द्वारा प्रतिवर्ष क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जाता है। ऑनलाइन माध्यम से होने वाली यह परीक्षा देशभर के प्रतिभागियों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य कर रही है।
विजेता को 1 लाख रुपए का पुरस्कार
परीक्षा के विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित समारोह में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक विजेता को 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपए, जबकि तृतीय पुरस्कार के रूप में छह विजेताओं को 25-25 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 11 विजेताओं को 11-11 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


