Ratlam : 25 दिन में दूसरे कारोबारी की मौत, अब प्रॉपर्टी ब्रोकर ने सल्फास पीकर दी जान

- घर पर फोन कर कहा—‘जहर पी लिया है, सैलाना के ढाबे पर हूं’; पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

Advertisements
Advertisements
Businessman dies in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam)  के नागरवास निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर मनोज गादिया ने सैलाना क्षेत्र में सल्फास का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की है। जहर पीने से पहले उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी और बताया कि वे सैलाना क्षेत्र के एक ढाबे पर मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने ढाबों पर तलाश कर उन्हें खोज निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

हरियाली ढाबे पर पहुंचकर लिया सल्फास

पुलिस के अनुसार, नागरवास निवासी 50 वर्षीय मनोज पिता समीरमल गादिया शनिवार रात रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर स्थित हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने वहां पानी की बोतल ली और उसमें सल्फास का पाउडर घोलकर पी लिया। इससे पहले मनोज ने स्वयं घर पर फोन कर परिजनों को जहर पीने की जानकारी दी और बताया कि वे सैलाना के एक ढाबे पर हैं। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने ढाबों पर की तलाश, 112 पहले से थी मौजूद

परिजनों ने तत्काल सैलाना थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद टीम ने सैलाना क्षेत्र के आसपास स्थित ढाबों पर तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद शनिवार रात करीब 11 बजे मनोज हरियाली ढाबे पर मिले। पुलिस के पहुंचने तक ढाबा संचालकों की सूचना पर डायल-112 की टीम भी वहां पहुंच चुकी थी। गंभीर हालत में मनोज को डायल-112 वाहन से सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

बेटे ने कहा— पता नहीं पिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया

मनोज गादिया के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके बेटे प्रहर्ष ने बताया कि वह इकलौते बेटे हैं और उनकी एक छोटी बहन है। परिवार को अभी तक यह समझ नहीं आ रहा है कि मनोज ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। परिजनों के अनुसार, उनके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

25 दिन पहले सराफा व्यापारी ने की आत्महत्या

गौरतलब है कि करीब 25 दिन पहले, 11 अगस्त 2026 की रात को रतलाम के सराफा व्यापारी रवि मोठिया (46) ने भी आत्महत्या कर ली थी। चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वैलर्स के संचालक रवि शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। वहां उन्होंने सल्फास का सेवन कर लिया था। शाम तक घर नहीं लौटने पर पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर धामनोद के समीप एक होटल में उनका पता लगाया था।

रवि के मामले में मिला था सुसाइड नोट

रवि मोठिया के घर से एक सुसाइड नोट मिला था। उसमें उन्होंने कथित तौर पर भारी आर्थिक कर्ज और परेशानियों का जिक्र किया था। लगातार 25 दिनों के भीतर जिले के दो कारोबारियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं को लेकर बाजार में चर्चा है। हालांकि, मनोज गादिया की आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस जांच में जुटी

सैलाना थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!