


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले में चोरों का आतंक चरम पर है। लेनार्ड सिटी में पिछले एक ही सप्ताह में तीन बार बदमाशों के चोरी की नीयत से घुसना और रहवासियों के ललकारने के बाद पत्थरबाजी की बड़ी घटनाएं हो चुकी है। अब बदमाशों ने जावरा में एसबीआई के लोन अधिकारी के सूने घर को निशाना बनाया है। जावरा के सिद्ध चक्र टाउनशिप कॉलोनी स्थित किराए के मकान में बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इंटरलॉक नहीं खुला तो सीढ़ियों के पास बाहरी दीवार पर लगी खिड़की को ही लोहे की टामी से उखाड़ दिया और अंदर घुसे। कमरे में रखी आलमारी का भी लॉक तोड़ा व उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर गए। पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं रहवासियों और बैंक अधिकारी ने कॉलोनाइजर पर भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं करने के आरोप लगाए हैं।
बैंक अधिकारी तुषार लकड़े ने बताया शनिवार शाम को मैं परिवार को लेने के लिए इंदौर गया था। रविवार रात 12 बजे वापस आया। सिद्ध चक्र टाउनशिप कॉलोनी स्थित घर पहुंचा तो दूसरी मंजिल पर जहां मैं रहता हूं, उसकी बाहर वाली खिड़की टूटी थी। अंदर जाकर देखा तो पूरे कमरे में आलमारी का सामान इधर-उधर बिखरा था। आलमारी में रखे नकदी रुपए और सोने का ब्रेसलेट, चांदी की पांच अंगूठियां, चांदी की दो चेन व एक जोड़ी पायल चोरी हो चुकी थी। सिटी थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और जांच शुरू की है। बैंक अधिकारी लकढ़े और मकान मालिक के रिश्तेदार रितेश जैन ने बताया कि हम हर महीने 500 रुपए महीना कॉलोनाइजर को मेंटेनेंस व सुरक्षा व्यवस्था का देते हैं। बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया। कैमरे बंद थे जो वारदात के बाद सोमवार सुबह चालू करवाए हैं। वहीं सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। स्ट्रीट लाइट शाम 7 बजे चालू करते हैं और रात 11 बजे बंद कर देते हैं और कहते हैं कि रातभर लाइट चालू रखेंगे तो बिल भरना मुश्किल होगा। अंधेरे के कारण भी चोरों को फायदा मिला और वे वारदात को आसानी से अंजाम दे गए। रहवासियों में पुलिस की गश्त को लेकर खासा आक्रोश भी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


